बालको में कचरे का अंबार, खुले में गंदगी के बीच भोजन तलाश रहे मवेशी; स्वच्छता व्यवस्था पर उठे सवाल… 

CITIUPDATE NEWS/संतोष सारथी/कोरबा/नगर पालिक निगम कोरबा की ओर से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था संचालित की जा रही है। इसके लिए निगम के विभिन्न जोन क्षेत्रों के वार्डों में कचरा सेग्रीगेशन सेंटर भी बनाए गए हैं। कचरा उठाने और उसके प्रबंधन के लिए लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, इस पूरी व्यवस्था के संचालन में महिला और पुरुषों को रोजगार भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके बावजूद शहर के कई हिस्सों में खुले में कचरा बिखरा नजर आना निगम की स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। शहर के अलग-अलग वार्डों में सड़कों के किनारे और खाली स्थानों पर कचरे के ढेर दिखाई दे रहे हैं। स्थिति यह है कि खुले में पड़े कचरे के बीच मवेशी भी भोजन तलाशते नजर आते हैं। प्लास्टिक, सड़े-गले खाद्य पदार्थ और अन्य अपशिष्ट के बीच मवेशियों का पहुंचना उनके स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन सकता है। वहीं, आसपास रहने वाले लोगों को गंदगी और दुर्गंध के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सवाल यह है कि जब घर-घर से कचरा एकत्र करने के लिए वाहन, कर्मचारी और सेग्रीगेशन सेंटर की व्यवस्था मौजूद है, तो फिर कचरा खुले स्थानों तक कैसे पहुंच रहा है? क्या निर्धारित स्थानों से नियमित रूप से कचरे का उठाव नहीं हो रहा है, या फिर संग्रहण के बाद उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था में कहीं कमी रह जा रही है? इन सवालों का जवाब जिम्मेदार अधिकारियों को देना होगा। दूसरी ओर, नगर निगम आयुक्त की ओर से स्वच्छता को लेकर समय-समय पर विशेष अभियान चलाए जाते हैं।

नागरिकों को जागरूक करने के लिए स्वच्छता संदेश दिए जाते हैं और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने की अपील भी की जाती है। स्वच्छता सर्वेक्षण और शहर की साफ-सफाई को लेकर निगम की सक्रियता भी सामने आती रहती है। लेकिन जमीनी स्तर पर खुले में पड़ा कचरा इन अभियानों की प्रभावशीलता पर सवाल खड़ा कर रहा है। अब शहरवासियों का कहना है कि केवल जागरूकता अभियान चलाने और स्वच्छता के दावे करने से शहर साफ नहीं होगा। इसके लिए नियमित कचरा उठाव जरूरी हैं। अब बड़ा सवाल यही है कि जब स्वच्छता व्यवस्था पर भारी भरकम राशि खर्च की जा रही है, तो उसका असर वार्डों में क्यों नहीं दिखाई दे रहा? क्या निगम प्रशासन इसकी जिम्मेदारी तय कर नियमित निगरानी करेगा, या फिर खुले में बिखरा कचरा और मवेशियों की परेशानी यूं ही जारी रहेगी?