बड़ी बहन की डांट से नाराज होकर घर से निकली किशोरी को जीआरपी ने किया सकुशल बरामद

कासगंज। बड़ी बहन की डांट से नाराज होकर घर से बिना बताए निकली 15 वर्षीय किशोरी को जीआरपी ने रेलवे स्टेशन कासगंज से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। किशोरी प्लेटफार्म नंबर एक पर अकेली और गुमसुम हालत में बैठी थी। पुलिस ने पूछताछ की तो उसके घर से नाराज होकर निकलने की जानकारी सामने आई।

जीआरपी थानाध्यक्ष कोमल कुंतल के नेतृत्व में पुलिस टीम गुरुवार सुबह करीब 6:45 बजे रेलवे स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर एक पर करीब 15 वर्षीय किशोरी अकेली बैठी दिखाई दी। पूछताछ में उसने बताया कि वह जनपद एटा के मारहरा थाना क्षेत्र के इस्लामपुर पीली गांव की रहने वाली है और दसवीं कक्षा की छात्रा है। वह अपनी गर्भवती बड़ी बहन की सहायता के लिए जनपद कासगंज के सहावर थाना क्षेत्र के शेखपुर नरई गांव आई थी। किसी घरेलू बात को लेकर बड़ी बहन ने उसे समझाने के उद्देश्य से डांट दिया था। इससे नाराज होकर वह बिना बताए घर से निकल आई और रेलवे स्टेशन पहुंच गई।

जीआरपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किशोरी के परिजनों से संपर्क किया और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे उसके बड़े भाई व अन्य परिजनों के सुपुर्द कर दिया। किशोरी के सकुशल मिलने पर परिजनों ने जीआरपी पुलिस की तत्परता की सराहना की।

किशोरी को बरामद करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुंतल, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार, कांस्टेबल कमल किशोर और महिला कांस्टेबल स्वाति शामिल रहीं।