कासगंज रेलवे स्टेशन पर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की शामत, जीआरपी ने काटे चालान

कासगंज। रेलवे स्टेशन परिसर में यातायात नियमों की अनदेखी कर मनमाने ढंग से वाहन खड़े करने और प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन ले जाने वालों के खिलाफ जीआरपी ने कार्रवाई की है। नो पार्किंग में वाहन खड़े करने, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने और अनधिकृत रूप से रेलवे प्लेटफार्म पर वाहन ले जाने वाले चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए गए। नवंबर माह में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के कुल 42 हजार रुपये के चालान किए जा चुके हैं।

रेल यात्रियों की सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से बुधवार को रेलवे स्टेशन कासगंज पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नो पार्किंग में खड़े वाहनों, बिना नंबर प्लेट के वाहनों और अनधिकृत रूप से प्लेटफार्म पर वाहन लेकर पहुंचने वालों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।

जीआरपी ने वाहन चालकों को स्पष्ट हिदायत दी कि रेलवे स्टेशन परिसर में नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े न करें और अनधिकृत रूप से प्लेटफार्म पर वाहन लेकर प्रवेश न करें। यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन परिसर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात नियमों का पालन अनिवार्य है। पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों का उल्लंघन न करने की अपील की है।

चेकिंग अभियान के दौरान जीआरपी थानाध्यक्ष कोमल कुंतल पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।