फिरोजाबाद में एक ही रात में दो ट्रांसफार्मर चोरी, किसानों में आक्रोश

फिरोजाबाद, सिटी अपडेट ।फिरोजाबाद जिले के रजावली थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीती रात 2 सितंबर को एक ही रात में दो अलग-अलग स्थानों पर लगे निजी नलकूपों के ट्रांसफार्मरों को चोरों ने निशाना बनाया। चोर ट्रांसफार्मर का कीमती सामान निकालकर फरार हो गए।

पहली घटना: सिरसा नदी के पास
रामगढ़ निवासी रमेश पाल सिंह का ट्यूबवेल सिरसा नदी के पास स्थित है। पीड़ित के अनुसार रात के समय अज्ञात चोरों ने उनके ट्रांसफार्मर से अंदर का सामान चोरी कर लिया।

दूसरी घटना: ग्राम रजावली में
दूसरी घटना ग्राम रजावली में हुई। यहां किसान हतेन्द्र कुमार सिंह के 25 केवीए के निजी ट्रांसफार्मर को चोरों ने काटकर खोल दिया और उसमें से कॉपर की वाइंडिंग, तेल व अन्य सामान चोरी कर ले गए। यह ट्रांसफार्मर उनके परिवार के नाम पर लगे विद्युत कनेक्शन पर संचालित था।

दोनों पीड़ित किसानों ने 3 सितंबर को थाना रजावली में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

किसानों की मांग:
क्षेत्रीय किसानों का कहना है कि धान की फसल के समय इस तरह की चोरी से सिंचाई बाधित होती है और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। किसानों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की है।