फिरोजपुर मंडल में डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 5.0 के तहत लगा विशेष शिविर, 40 से अधिक पेंशनधारियों ने लिया लाभ

फिरोजपुर मंडल में डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 5.0 के तहत लगा विशेष शिविर, 40 से अधिक पेंशनधारियों ने लिया लाभ

चेहरे की पहचान से घर बैठे बना सकेंगे डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र, पेंशनधारियों की हुई स्वास्थ्य जांच

फिरोजपुर। रेलवे बोर्ड एवं उत्तर रेलवे प्रधान कार्यालय के निर्देशानुसार फिरोजपुर मंडल में पेंशनधारियों की सुविधा के लिए डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 5.0 के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। मंडल कार्यालय के सभागार में आयोजित इस शिविर में 40 से अधिक पेंशनधारियों ने भाग लिया। इस दौरान उनकी स्वास्थ्य जांच भी की गई।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी साक्षी सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में भारतीय स्टेट बैंक की फिरोजपुर कैंट शाखा के मुख्य प्रबंधक वरिंदर कुमार और सेवा प्रबंधक सुशील गुप्ता ने प्रस्तुति के माध्यम से पेंशनधारियों को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बनाने और डाउनलोड करने की प्रक्रिया की जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि पेंशनधारी जीवन प्रमाण ऐप के माध्यम से बिना बैंक जाए अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकते हैं। यह सुविधा आधार आधारित चेहरे की पहचान प्रणाली पर काम करती है, जिससे प्रमाणपत्र जमा करने की प्रक्रिया आसान और सुरक्षित बनती है। इससे पेंशनधारियों को जीवन प्रमाणपत्र जमा करने के लिए अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी और उनकी पेंशन निर्बाध रूप से जारी रखने में सहायता मिलेगी।

फिरोजपुर मंडल में अभियान 5.0 के तहत लुधियाना, जालंधर सिटी, अमृतसर और मंडल कार्यालय फिरोजपुर में भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। मंडल कार्मिक अधिकारी बिजेंद्र कुमार ने पेंशनधारियों से इन शिविरों में पहुंचकर डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बनवाने की सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।