फिरोजपुर मंडल ने एक दिन में 14 मालगाड़ियों की लोडिंग की

फिरोजपुर। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में फिरोजपुर मंडल द्वारा माल परिवहन को बढ़ावा देने के साथ-साथ मालगाड़ियों की त्वरित लोडिंग और सुचारु संचालन पर लगातार जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में मंडल ने 23 सितंबर 2026 को एक ही दिन में 14 मालगाड़ियों की लोडिंग कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

यह वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान फिरोजपुर मंडल द्वारा एक दिन में की गई अब तक की सर्वाधिक मालगाड़ी लोडिंग है। सभी 14 मालगाड़ियों की लोडिंग भारतीय खाद्य निगम के माध्यम से की गई। इनमें गेहूं और फोर्टिफाइड कर्नेल चावल लोड कर विभिन्न गंतव्यों के लिए रवाना किए गए।

इन मालगाड़ियों की लोडिंग फिरोजपुर शहर, गुरुहरसहाय, कपूरथला, तलवंडी, अजीतवाल, जलालाबाद, बंगा, गोनेआना भाई जगता, पट्टी, मोगा, मुल्लांपुर, ढंडारी कलां, नकोदर और मुक्तसर स्टेशनों से की गई।

फिरोजपुर मंडल की इस उपलब्धि से माल परिवहन के क्षेत्र में मंडल की कार्यकुशलता और बेहतर परिचालन व्यवस्था का पता चलता है। रेलवे द्वारा माल परिवहन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए तेज लोडिंग, बेहतर संचालन और समयबद्ध परिवहन पर लगातार काम किया जा रहा है।