डेरा बाबा नानक स्टेशन पर गूंजा देशभक्ति का स्वर, भव्य समारोह के साथ मनाया गया ‘स्टेशन महोत्सव’

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल के डेरा बाबा नानक रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को भव्य समारोह के साथ ?स्टेशन महोत्सव? मनाया गया। रेलवे बोर्ड की पहल के तहत देशभर के चयनित 103 विरासत रेलवे स्टेशनों पर उनकी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और स्थानीय विरासत को सामने लाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह की शुरुआत रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की रैली से हुई। इसके बाद राष्ट्रगान ?जन गण मन? की प्रस्तुति ने पूरे स्टेशन परिसर को देशभक्ति के माहौल से भर दिया।

कार्यक्रम में डेरा बाबा नानक रेलवे स्टेशन की ऐतिहासिक यात्रा, इसकी विरासत और भारतीय रेल में इसके महत्व को दर्शाने वाली लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। रेलवे की स्काउट्स एवं गाइड्स टीम ने लोक नृत्य, गीत और नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर यात्रियों एवं आमजन को विरासत संरक्षण, स्वच्छता और यात्री सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

महोत्सव के दौरान बच्चों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं स्टेशन के प्लेटफार्म पर ऐतिहासिक छायाचित्रों और दस्तावेजों की विशेष प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें डेरा बाबा नानक स्टेशन के ऐतिहासिक पड़ावों के साथ भारतीय रेल की गौरवशाली यात्रा को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी को देखने के लिए यात्रियों और स्थानीय लोगों में उत्साह नजर आया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि डेरा बाबा नानक रेलवे स्टेशन केवल एक रेलवे भवन नहीं, बल्कि फिरोजपुर मंडल की ऐतिहासिक पहचान और भारतीय रेल की समृद्ध विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। स्टेशन महोत्सव के माध्यम से इस विरासत को संरक्षित करने और नई पीढ़ी को रेलवे के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक नितिन गर्ग, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता भूपेन्द्र, वरिष्ठ मंडल अभियंता/तृतीय नवलप्रीत कौर, मंडल कार्मिक अधिकारी बिजेंद्र कुमार, मंडल वाणिज्य प्रबंधक पायल समेत रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में यात्री मौजूद रहे।