प्रयागराज मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को मिल रहा गुणवत्तापूर्ण पेयजल

प्रयागराज। यात्रियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रयागराज मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैं। सभी स्टेशनों पर रेलनीर के साथ उत्तर मध्य रेलवे द्वारा अनुमोदित ब्रांडों का पैकेज्ड पेयजल भी यात्रियों के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, इटावा, टूंडला जंक्शन और अलीगढ़ जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रेलनीर की बिक्री अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की गई है। रेलनीर उपलब्ध न होने की स्थिति में रेलवे प्रशासन की अनुमति से अनुमोदित ब्रांडों का पैकेज्ड पेयजल यात्रियों को उपलब्ध कराया जाता है।

यात्रियों को किफायती दरों पर आसानी से पेयजल उपलब्ध कराने के लिए मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर कुल 80 वाटर वेंडिंग मशीनें भी स्थापित की गई हैं। इनमें प्रयागराज जंक्शन पर 10, कानपुर सेंट्रल पर 9, अलीगढ़ जंक्शन पर 5 तथा इटावा और टूंडला जंक्शन पर चार-चार मशीनें शामिल हैं। प्रयागराज छिवकी, फतेहपुर सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी इनकी सुविधा उपलब्ध है।

रेलवे प्रशासन द्वारा स्टेशनों पर पेयजल की उपलब्धता और गुणवत्ता की नियमित निगरानी की जा रही है। मंडल प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और उनकी पेयजल संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त एवं सुलभ पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।