पैतृक मकान बेचकर सात साल से छिप रहा था वारंटी, मथुरा में जीआरपी ने पकड़ा

कासगंज। वर्ष 2017 से गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना पैतृक मकान बेचकर ठिकाने बदल रहे वारंटी को जीआरपी कासगंज ने मथुरा में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वृंदावन में छिपकर रह रहा था और कभी-कभी मथुरा स्थित अपने किराये के मकान पर आता था। पुलिस के अनुसार, चलती ट्रेनों में चोरी के साथ अवैध शस्त्र, मादक पदार्थ और शराब तस्करी से जुड़े उसके खिलाफ कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास उर्फ कलुआ पुत्र रामबाबू गोस्वामी निवासी आवास विकास कॉलोनी, थाना कोतवाली, मथुरा, हाल निवासी गुप्ता जी का किराये का मकान, मां भगवती पैलेस के सामने, बीएसए कॉलेज के पास, कृष्णाविहार फेज-2, आनंदपुरी, थाना कोतवाली, मथुरा, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है।

जीआरपी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना जीआरपी कासगंज में वर्ष 2017 में दर्ज धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के मुकदमे में न्यायालय से गैर-जमानती वारंट और कुर्की वारंट जारी किए गए थे। इसके बावजूद वह लगातार गिरफ्तारी से बचता रहा। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपना पैतृक मकान बेच दिया और स्थायी ठिकाना छोड़कर अलग-अलग स्थानों पर किराये के मकानों में रहने लगा।

पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली कि विकास उर्फ कलुआ वृंदावन में छिपकर रह रहा है और कभी-कभी मथुरा स्थित अपने किराये के मकान पर आता है। यक्ष एप की मदद से पुलिस को उसके नवीनतम किराये के निवास की जानकारी भी मिली, लेकिन आरोपी के लगातार ठिकाने बदलने के कारण उसकी सही लोकेशन का पता नहीं चल पा रहा था।

इसके बाद जीआरपी कासगंज ने टीम गठित कर व्यक्तिगत रूप से पतारसी और सुरागरसी शुरू की। पुलिस टीम ने शुक्रवार को कृष्णाविहार फेज-2, आनंदपुरी के पास थाना कोतवाली क्षेत्र, मथुरा में सुबह करीब आठ बजे विकास उर्फ कलुआ को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी चलती ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता रहा है। उसके खिलाफ जीआरपी कासगंज, जीआरपी मथुरा जंक्शन, वृंदावन, गोवर्धन और आगरा के सिकंदरा थाने में चोरी, अवैध शस्त्र, मादक पदार्थ और शराब तस्करी से संबंधित कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2015 से 2021 तक के मामले शामिल हैं।

आपराधिक इतिहास में जीआरपी कासगंज का वर्ष 2017 का आर्म्स एक्ट का मुकदमा और वर्ष 2017 का चलती ट्रेन में चोरी से संबंधित मामला शामिल है। इसके अलावा जीआरपी मथुरा जंक्शन में चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मामले, वृंदावन और गोवर्धन थानों में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम के मुकदमे तथा थाना सिकंदरा, कमिश्नरेट आगरा में चोरी और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। आरोपी को समय से न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुंतल, उपनिरीक्षक सत्यपाल सिंह, कांस्टेबल सौरभ चौधरी और कांस्टेबल आकाश फौजदार शामिल रहे।