पेड़ की डाल गिरने से बुजुर्ग की मौत, पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा शव तो मचा कोहराम

  1. आलापुर/अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम अकथरा नरायनपुर में आंधी-तूफान और बारिश के दौरान पेड़ की डाल गिरने से घायल हुए 70 वर्षीय बुजुर्ग रामकिशोर कन्नौजिया की इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद देर रात उनका शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। गुरुवार सुबह रामबाग घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जा रहा है।

    बताया जाता है कि बीती 8 तारीख की शाम तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई थी। उस समय ग्राम अकथरा नरायनपुर निवासी रामकिशोर कन्नौजिया पुत्र फुल्लन बकरियां चरा रहे थे। बारिश से बचने के लिए वह बाग में एक पेड़ के नीचे चले गए। इसी दौरान अचानक पेड़ की एक मोटी डाल टूटकर उनके ऊपर गिर गई। हादसे में करीब 20 बकरियां भी पेड़ के नीचे दब गईं, जिनमें तीन की मौत हो गई।

    घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने पेड़ के नीचे दबे रामकिशोर को बाहर निकाला और उपचार के लिए अतरौलिया अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम के बाद देर रात शव घर पहुंचा।

    मृतक की पत्नी बदामा देवी, पुत्र दीपचंद, धूपचंद, हरिश्चंद, दीपक, राज और श्यामसुंदर तथा भाई रामफेर कन्नौजिया का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि तेज आंधी और बारिश शुरू होने पर उनके साथ बकरी चरा रहे सभी बच्चे भागकर घर आ गए थे, लेकिन रामकिशोर वहीं रह गए। परिजनों का कहना है कि यदि वह भी उस समय बाग से घर लौट आए होते तो शायद यह हादसा नहीं होता।

    अंतिम संस्कार के दौरान ग्राम प्रधान संतप्रसाद, पूर्व प्रधान जयंत निषाद, रामनगर पूर्वी से भीम आर्मी की घोषित जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी विनीता निषाद, बलराम निषाद, जयप्रकाश मौर्या समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

    हादसे के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।