सड़क हादसे में युवक की मौत, शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम

आलापुर ( अंबेडकर नगर )| आलापुर थाना क्षेत्र के जहांगीरगंज अंतर्गत ग्राम सुजावलपुर निवासी 38 वर्षीय विनय कुमार यादव का शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और चार नाबालिग बच्चों का करुण क्रंदन सुनकर मौके पर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।

जानकारी के अनुसार, विनय कुमार यादव पुत्र डॉ. रामप्रताप यादव की रविवार रात बावली चौक से पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। बताया जाता है कि विनय कुमार यादव मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान एक मोड़ से अचानक तीन युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर सड़क पर आ गए। तीनों युवक पुरानी बाजार नरियांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे दोनों वाहनों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में विनय कुमार यादव की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों का उपचार चल रहा है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर करीब साढ़े तीन बजे शव गांव पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक मदैनियां बाजार में जनसेवा केंद्र चलाते थे। उनके परिवार में आठ वर्षीय एक पुत्र और तीन छोटी बेटियां हैं। कम उम्र में परिवार के मुखिया की मौत से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।