पुष्कर मेले और उर्स को लेकर अजमेर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, रोजाना 1 लाख यात्रियों के पहुंचने की संभावना

अजमेर। दिवाली और छठ पूजा के बाद अब अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले और आगामी उर्स पर्व को देखते हुए अजमेर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। रेलवे प्रशासन ने अजमेर स्टेशन को प्रमुख संवेदनशील स्टेशन के रूप में चिह्नित करते हुए भीड़ नियंत्रण से लेकर टिकट व्यवस्था और सुरक्षा निगरानी तक विशेष प्रबंध किए हैं।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा स्टेशन की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं। रेलवे के अनुसार अजमेर स्टेशन पर सामान्य दिनों में प्रतिदिन लगभग 54,000 यात्रियों का आवागमन रहता है, जबकि दिवाली और छठ पूजा के चलते पिछले 2-3 दिनों में यह संख्या बढ़कर 91,000 तक पहुंच गई है। वहीं 5 दिसंबर से शुरू होने वाले उर्स पर्व के दौरान प्रतिदिन लगभग 1 लाख यात्रियों के पहुंचने की संभावना है।

यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर 2 अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। आरक्षण कार्यालय के सामने 600 वर्ग मीटर और अनारक्षित टिकट बुकिंग हॉल के सामने 400 वर्ग मीटर क्षेत्र में टेंट लगाए गए हैं। यहां पेयजल, रोशनी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए संकेतक लगाए गए हैं और ट्रेनों की नियमित उद्घोषणा की जा रही है। इसके साथ ही 24 घंटे रेल मदद कर्मचारी तैनात किए गए हैं।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरक्षित और अनारक्षित यात्रियों के प्रवेश के लिए अलग-अलग द्वार निर्धारित किए गए हैं। प्लेटफॉर्म से यात्रियों की सीधी निकासी के लिए मध्य पैदल पुल भी खोल दिया गया है। टिकट काउंटरों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती के साथ 4 स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीनें लगाई गई हैं। इन मशीनों के संचालन में यात्रियों की सहायता के लिए 24 घंटे कर्मचारी उपलब्ध रहेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत स्टेशन पर 24 घंटे निगरानी कक्ष सक्रिय किया गया है। सीसीटीवी कैमरों से यात्रियों की भीड़ पर नजर रखी जा रही है। प्रत्येक प्रवेश द्वार पर 40 होमगार्ड के साथ रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे कर्मचारियों की तैनाती की गई है। रात में भी अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

छठ पर्व के दौरान गाड़ी संख्या 12988 अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए अधिकारियों की मौजूदगी में यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से सामान्य डिब्बों में चढ़ाया गया। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव, मंडल सुरक्षा आयुक्त योगेंद्र सिंह और स्टेशन प्रबंधक रविश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

रेलवे प्रशासन के अनुसार त्योहारों की भीड़ कम करने के लिए अजमेर, उदयपुर सिटी और मदार से 11 मांग आधारित विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा 7 से अधिक ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे लगाए गए हैं। 17 नवंबर से शुरू होने वाले पुष्कर मेले के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया है।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए दिवाली एवं छठ पूजा के दौरान लागू की गई व्यवस्थाएं पुष्कर मेले और 5 दिसंबर से शुरू होने वाले उर्स पर्व के दौरान भी जारी रहेंगी।