कबाड़ बेचकर रेलवे ने कमाए 628.49 करोड़ रुपये, अजमेर मंडल ने 7 महीने में जुटाए 33.91 करोड़

कबाड़ बेचकर रेलवे ने कमाए 628.49 करोड़ रुपये, अजमेर मंडल ने 7 महीने में जुटाए 33.91 करोड़

अक्टूबर में अकेले कबाड़ बिक्री से अजमेर मंडल को मिले 10.94 करोड़ रुपये, लक्ष्य से अधिक रही रेलवे की कमाई

अजमेर। भारतीय रेलवे ने कबाड़ और अनुपयोगी सामग्री के निस्तारण से बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 628.49 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। देशभर में 2 से 31 अक्टूबर तक चलाए गए विशेष अभियान 6 के तहत रेलवे ने निर्धारित 600 करोड़ रुपये के लक्ष्य को पार करते हुए 28.49 करोड़ रुपये अतिरिक्त कमाए। इस अभियान में उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। मंडल ने चालू वित्त वर्ष के शुरुआती 7 महीनों में कबाड़ बेचकर 33.91 करोड़ रुपये की कमाई की है।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक बंशीलाल मीणा के निर्देशन में अजमेर मंडल ने कबाड़ निस्तारण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। मंडल ने अक्टूबर महीने में ही कबाड़ बिक्री से 10.94 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाया। वहीं अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक कुल कमाई 33.91 करोड़ रुपये रही।

अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में आयोजित ई-नीलामी के दौरान 10 लॉट में 703.083 टन कबाड़ की बिक्री की गई, जिससे रेलवे को 3.095 करोड़ रुपये की आय हुई। इस अभियान से रेलवे परिसरों में लंबे समय से पड़ी अनुपयोगी सामग्री हटाने के साथ खाली हुई जगह का बेहतर उपयोग करने का रास्ता भी साफ हुआ।

विशेष अभियान के तहत देशभर के रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों और कार्यशालाओं में 1 लाख से अधिक स्वच्छता अभियान चलाए गए। इनके माध्यम से 6 लाख 20 हजार 121 वर्गफीट जगह खाली कराई गई। पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए 1.50 लाख से अधिक ई-कचरा इकाइयों का भी निस्तारण किया गया, जिससे 10.43 करोड़ रुपये की आय हुई।

इसके अलावा रेलवे ने पुराने भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक अभिलेखों की समीक्षा कर अनावश्यक रिकॉर्ड हटाए। जन शिकायतों, अपीलों और लंबित मामलों के निस्तारण पर भी विशेष ध्यान दिया गया। रेलवे की इस पहल से एक ओर करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, वहीं दूसरी ओर रेलवे परिसरों में स्वच्छता, सुव्यवस्था और उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने में भी मदद मिली।