नोडल अधिकारी ने गो-आश्रय स्थलों का निरीक्षण कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

देवरिया, 08 अक्टूबर 2026।जनपद देवरिया में गो-आश्रय स्थलों के संचालन, प्रबंधन एवं निराश्रित गोवंश की व्यवस्थाओं के स्थलीय सत्यापन हेतु शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी डॉ. राजेश त्रिपाठी, अपर निदेशक ग्रेड-2, बस्ती मंडल द्वारा आज जनपद के प्रमुख गो-आश्रय स्थलों का निरीक्षण किया गया।नोडल अधिकारी द्वारा सर्वप्रथम कान्हा गोशाला, सलेमपुर का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान हरे चारे की कमी पाए जाने पर उन्होंने अधिशासी अधिकारी, सलेमपुर को निर्देश दिए कि वर्षपर्यंत हरे चारे की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रगतिशील किसानों के साथ अग्रिम अनुबंध किया जाए और नेपियर घास की बुवाई को बढ़ावा दिया जाए। साथ ही गोशाला के भरण-पोषण मद की धनराशि लगभग एक वर्ष से लंबित होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल एडीएम प्रशासन, देवरिया से दूरभाष पर वार्ता कर बकाया धनराशि का अविलंब भुगतान कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।इसके पश्चात डॉ. त्रिपाठी ने वृहद कान्हा गोशाला, मझौली राज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोवंशों की संख्या, चारा-पानी, चिकित्सा व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अभिलेखों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत मझौली राज को निर्देशित किया कि गोशाला में बायो फर्टिलाइजर मशीन शीघ्र स्थापित की जाए, जिससे गोबर से जैविक खाद तैयार कर उसका समुचित सदुपयोग किया जा सके और गोशाला को आत्मनिर्भर बनाया जा सके।इसके साथ ही नोडल अधिकारी द्वारा कान्हा गौशाला, रावतपार-रघेन, लार एवं गौशाला, भेड़ापाकड़ भाटपाररानी का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारियों को गोवंशों के लिए पर्याप्त भूसा, हरा चारा, पेयजल एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा गो-आश्रय स्थलों में साफ-सफाई एवं अभिलेखों के समुचित रख-रखाव के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिशासी अधिकारीगण, खंड विकास अधिकारी एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।