बैतालपुर के शिविर में 458 पशुओं को निःशुल्क दवा वितरित

बैतालपुर, देवरिया। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विकास खंड बैतालपुर परिसर में आयोजित सेवा सेतु कार्यक्रम के दौरान पशुपालन विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर पशुपालकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई और निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।अभियान के अंतर्गत 156 पशुपालकों के कुल 458 पशुओं को कृमिनाशक,बुखार,दस्त एवं अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव की दवाएं वितरित की गईं। साथ ही बुकलेट के माध्यम से मुख्यमंत्री निराश्रित गोवंश सहभागिता योजना,नंदबाबा दुग्ध मिशन की योजना,कुक्कुट पालन,बकरी पालन एवं पशु बीमा जैसी विभागीय योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया गया।इस अवसर पर पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दीग्विजय यादव ने पशुओं की देखभाल और टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अभियान में पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकान्त तिवारी,सुभाष चंद्र,पंकज मणि,अभिषेक मणि,राजकुमार यादव, चेतन मणि,दुष्यंत तिवारी और धर्मेंद्र यादव ने सक्रिय योगदान दिया।