दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की पुरुष टीम लगातार दूसरी बार बनी क्रॉस कंट्री चैंपियन

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने खेलों के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए 57वीं अखिल भारतीय अंतर-रेलवे क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप-2026 के पुरुष वर्ग का खिताब लगातार दूसरी बार अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता का आयोजन दक्षिण पश्चिम रेलवे खेल संघ, हुब्बली (कर्नाटक) द्वारा किया गया।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की विजेता पुरुष टीम में हरीश, प्रिंस राज यादव, प्रिंस राज मिश्रा, अंकित देसवाल, रवि और दिनेश शामिल रहे। व्यक्तिगत स्पर्धा में हरीश ने दूसरा स्थान और प्रिंस राज यादव ने पांचवां स्थान हासिल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

महिला वर्ग में भी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान प्राप्त किया। महिला टीम में मुन्नी देवी, अंजली पटेल, निकिता लांबा, हिमांशी मलिक और शोभा यादव शामिल रहीं।

इस उपलब्धि पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश और क्रीड़ा संघ के पदाधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और खेल भावना की सराहना करते हुए भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

विश्व रेलवे क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में दौड़ेंगे हरीश

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के धावक हरीश का चयन विश्व रेलवे क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप के लिए भी हुआ है। अंतर-रेलवे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद उनके चयन से रेलवे परिवार में खुशी का माहौल है। अधिकारियों और क्रीड़ा संघ ने हरीश को आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

लगातार दूसरी बार पुरुष वर्ग का खिताब जीतना दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के खिलाड़ियों की मेहनत और खेल प्रतिभाओं को मिल रहे निरंतर प्रोत्साहन का प्रमाण है।