बिलासपुर में लाइव ट्रेन मॉनिटरिंग सिस्टम का शुभारंभ, अब एक नजर में दिखेगा पूरा रेल परिचालन

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने रेल परिचालन को और सुरक्षित, तेज, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ी तकनीकी पहल की है। मंडल के डिवीजनल कंट्रोल में अत्याधुनिक लाइव ट्रेन मॉनिटरिंग सिस्टम का शुभारंभ किया गया। इस नई व्यवस्था से ट्रेनों की आवाजाही और सिग्नलिंग की स्थिति पर अब वास्तविक समय में नजर रखी जा सकेगी।

लाइव ट्रेन मॉनिटरिंग सिस्टम का शुभारंभ सोमवार को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया। इस अवसर पर प्रधान मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर जी.पी. खुटे, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक के.के. सिन्हा, मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर राकेश रंजन सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

भारतीय रेल में अपनी तरह की पहली पहल

बिलासपुर मंडल के डिवीजनल कंट्रोल में स्थापित यह प्रणाली भारतीय रेल में अपनी तरह की पहली पहल बताई गई है। इसकी सबसे बड़ी विशेषताओं में भारतीय रेल का सबसे बड़ा अल्ट्रा-नैरो-बेजल वीडियो वॉल शामिल है। इसके माध्यम से कंट्रोल कार्यालय में बैठे अधिकारी ट्रेनों की आवाजाही, सिग्नलिंग और परिचालन की स्थिति का व्यापक एवं स्पष्ट दृश्य वास्तविक समय में देख सकेंगे।

47 बिलासपुर और 12 रायपुर मंडल के स्टेशन निगरानी में

इस अत्याधुनिक प्रणाली के जरिए बिलासपुर मंडल के 47 और रायपुर मंडल के 12 स्टेशनों में रेल परिचालन की निगरानी एवं दृश्यता को बेहतर बनाया गया है। विभिन्न स्टेशनों के यार्ड और ब्लॉक खंडों की स्थिति भी एकीकृत रूप से देखी जा सकेगी।

प्रणाली के माध्यम से ट्रेनों की स्थिति और परिचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इससे किसी भी परिस्थिति का तत्काल आकलन कर अधिकारियों को तेजी से निर्णय लेने और बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी।

रेल परिचालन में आएगी और तेजी व पारदर्शिता

लाइव ट्रेन मॉनिटरिंग सिस्टम से ट्रेनों की स्वचालित निगरानी एवं ट्रैकिंग, सिग्नलिंग की वास्तविक समय स्थिति, यार्ड और ब्लॉक खंडों का एकीकृत दृश्य तथा परिचालन संबंधी महत्वपूर्ण सूचनाओं का केंद्रीकृत प्रदर्शन संभव होगा।

इससे कंट्रोल कार्यालय के अधिकारियों की परिस्थितिजन्य जागरूकता बढ़ेगी, जिससे आवश्यकता के अनुसार समय पर कार्रवाई की जा सकेगी। नई प्रणाली रेल परिचालन की संरक्षा, समयबद्धता और दक्षता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

स्मार्ट और तकनीक आधारित रेल परिचालन की ओर बड़ा कदम

बिलासपुर मंडल में लाइव ट्रेन मॉनिटरिंग सिस्टम की शुरुआत रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। डिजिटल तकनीक और वास्तविक समय के आंकड़ों को एक मंच पर लाकर तैयार की गई यह व्यवस्था स्मार्ट, सुरक्षित और कुशल रेल परिचालन की दिशा में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

नई तकनीक से जहां रेल अधिकारियों को परिचालन की बेहतर तस्वीर एक ही स्थान पर मिलेगी, वहीं समय पर निर्णय लेने की क्षमता भी मजबूत होगी। इससे आने वाले समय में ट्रेनों के संचालन को और अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और समयबद्ध बनाने में मदद मिलेगी।