त्रिकुटा पर्वत पर धुंध के बीच भी जारी रही माता के भक्तों की यात्रा, 14 हजार श्रद्धालु भवन की ओर रवाना

कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा और मां वैष्णो देवी के भवन क्षेत्र में सोमवार को सुबह से दोपहर तक मौसम साफ रहा। धूप खिलने और मौसम अनुकूल रहने से हेलिकॉप्टर सेवा भी सुबह से दोपहर तक सुचारु रूप से संचालित हुई। इससे हेलिकॉप्टर के माध्यम से भवन पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिली।

दोपहर बाद त्रिकुटा पर्वत पर अचानक धुंध छाने से हेलिकॉप्टर सेवा कुछ समय के लिए प्रभावित हुई। इसके बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था में कोई कमी नहीं आई। हेलिकॉप्टर सेवा में रुकावट के बाद कई श्रद्धालुओं ने पारंपरिक यात्रा मार्ग का रुख किया और ?जय माता दी? के जयकारों के बीच माता के भवन की ओर बढ़ते रहे।

श्राइन बोर्ड के अनुसार सोमवार शाम करीब पांच बजे तक 14 हजार के आसपास श्रद्धालु आरएफआईडी कार्ड लेकर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं के कटड़ा पहुंचने का सिलसिला भी दिनभर जारी रहा।

मौसम में बदलाव के बावजूद यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही। परिवारों के साथ पहुंचे श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ पारंपरिक मार्ग से यात्रा करते नजर आए। कटड़ा के बाजारों और यात्रा पंजीकरण केंद्रों पर भी दिनभर रौनक बनी रही।

दोपहर बाद धुंध के कारण हेलिकॉप्टर से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को कुछ समय इंतजार करना पड़ा। वहीं, मौसम साफ होने और दृश्यता बेहतर होने पर हेलिकॉप्टर सेवा के फिर से सामान्य होने की उम्मीद बनी रही। मौसम ने भले ही थोड़ी देर के लिए रफ्तार रोकी, लेकिन माता के भक्तों की आस्था और उत्साह लगातार आगे बढ़ता रहा।