बडगाम-कटड़ा ट्रेन सेवा फिर बहाल, श्रद्धालुओं और यात्रियों को बड़ी राहत

बडगाम-कटड़ा ट्रेन सेवा फिर बहाल, श्रद्धालुओं और यात्रियों को बड़ी राहत

कश्मीर घाटी से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए सीधी रेल सुविधा शुरू, 29 अगस्त से नियमित संचालन

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्रियों और श्री माता वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए बडगाम से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच ट्रेन सेवा पुनः बहाल कर दी है। ट्रेन संख्या 04688/04687 का संचालन 29 अगस्त 2026 से अपने नियमित मार्ग पर शुरू हो गया है। ट्रेन सेवा बहाल होने से कश्मीर घाटी के यात्रियों को जम्मू क्षेत्र और कटड़ा तक पहुंचने के लिए सीधी रेल सुविधा मिलेगी।

ट्रेन संख्या 04688 बडगाम-कटड़ा बडगाम से सुबह 7:20 बजे रवाना होकर दोपहर 1:00 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 04687 कटड़ा-बडगाम कटड़ा से दोपहर 1:45 बजे रवाना होकर रात 8:00 बजे बडगाम पहुंचेगी।

इस रेल सेवा के दोबारा शुरू होने से कश्मीर घाटी के निवासियों, छात्रों, कर्मचारियों और माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटड़ा जाने वाले श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलेगी। इससे घाटी और जम्मू क्षेत्र के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा तथा यात्रियों की यात्रा अधिक सुगम और सुविधाजनक बनेगी।

रेल सेवा बहाल होने को यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खासकर माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति और समय की जानकारी एनटीईएस मोबाइल ऐप, भारतीय रेल की वेबसाइट अथवा 139 हेल्पलाइन से प्राप्त करने की अपील की है।

उत्तर रेलवे ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए लगातार यात्री सुविधाओं को बेहतर किया जा रहा है।