त्योहारी सीजन में दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा कड़ी, 1300 अतिरिक्त आरपीएफ जवान तैनात

नई दिल्ली। त्योहारी सीजन में रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 1300 अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों की तैनाती की गई है।

उत्तर रेलवे की ओर से त्योहारी सीजन के दौरान कुल 2040 आरपीएफ जवानों को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है। इनमें 1300 अतिरिक्त जवान शामिल हैं। नई दिल्ली, आनंद विहार, हजरत निजामुद्दीन और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जिससे यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने में मदद मिल सके।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत आरपीएफ के जवान 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। यात्रियों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी।

उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत ड्यूटी पर मौजूद आरपीएफ जवानों को दें।