उत्तर रेलवे में सतर्कता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, 9 टीमों ने लिया हिस्सा

उत्तर रेलवे में सतर्कता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, 9 टीमों ने लिया हिस्सा

सत्यनिष्ठा से समृद्धि विषय पर विचार-विमर्श प्रतियोगिता भी आयोजित, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने पर जोर

नई दिल्ली। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तीसरे दिन 28 अक्टूबर को उत्तर रेलवे मुख्यालय में सतर्कता विभाग की ओर से प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें रेलवे के विभिन्न विभागों की 9 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से रेल कर्मचारियों को नियमों, संवैधानिक प्रावधानों और सतर्कता संबंधी विषयों के प्रति जागरूक किया गया।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में रेलवे स्थापना नियम, सतर्कता, अनुशासन एवं अपील, संविधान, पर्यावरण संबंधी मुद्दों, समसामयिक घटनाओं और दृश्य-श्रव्य विषयों पर आधारित प्रश्न पूछे गए। विभिन्न चरणों में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी जानकारी और समझ का प्रदर्शन किया।

इसी क्रम में सत्यनिष्ठा से समृद्धि विषय पर विचार-विमर्श प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें राजपत्रित और अराजपत्रित रेल कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया तथा सत्यनिष्ठा और ईमानदारी के महत्व पर अपने विचार रखे।

पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने पर जोर

इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम सत्यनिष्ठा से समृद्धि रखी गई है। इसका उद्देश्य रेलवे संगठन में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी की संस्कृति को मजबूत करना है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से कर्मचारियों को अपने कार्यों में नैतिक मूल्यों का पालन करने और भ्रष्टाचार के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने जानकारी दी।