ढपरापुर में अधूरी पुलिया ने किसानों की कमर तोड़ी, सिंचाई पर लटकी तलवार!

ढपरापुर में अधूरी पुलिया ने किसानों की कमर तोड़ी, सिंचाई पर लटकी तलवार!

नहर में मिट्टी डालकर रास्ता तो बना दिया, लेकिन पुलिया का काम अधर में छोड़ दिया; अब फसल की पहली सिंचाई के लिए आसमान ताकने को मजबूर होंगे अन्नदाता

#Hardoi 

जनपद के विकासखंड टड़ियावां के सिहौना-एकघरा माइनर पर ढपरापुर के पास अधूरी पड़ी पुलिया किसानों के लिए मुसीबत का पहाड़ बनती जा रही है। साहबों की फाइलों में भले ही विकास के दावे दौड़ रहे हों, लेकिन धरातल पर अधूरा निर्माण किसानों की उम्मीदों पर पानी फेरता नजर आ रहा है।

हैरानी की बात यह है कि जर्जर पुलिया को तोड़कर नई पुलिया बनाने का काम तो शुरू करा दिया गया, मगर निर्माण पूरा कराने की जिम्मेदारी मानो बीच रास्ते में ही दम तोड़ गई। आवागमन के लिए नहर में मिट्टी डालकर अस्थायी रास्ता बना दिया गया, लेकिन नई पुलिया आज भी अधूरी पड़ी है।

अब जरा किसानों की परेशानी भी समझिए! रबी की फसल खेतों में खड़ी है और पहली सिंचाई का समय सिर पर है। ऐसे में नहर में पानी कैसे पहुंचेगा? जब पुलिया ही अधूरी है तो पानी का रास्ता कौन खोलेगा? अगर समय रहते सिंचाई नहीं हुई तो किसानों की महीनों की मेहनत और लागत दोनों पर संकट खड़ा हो सकता है।

किसानों का दो टूक सवाल है कि निर्माण कार्य शुरू कराने के बाद उसे पूरा कराने की सुध आखिर किसे है? क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े नुकसान का इंतजार कर रहे हैं? अन्नदाता दिन-रात खेतों में पसीना बहाए और विभागीय सुस्ती उसकी मेहनत पर पानी फेर दे, यह किसी कीमत पर बर्दाश्त योग्य नहीं है।

किसानों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि ढपरापुर की अधूरी पुलिया का निर्माण युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए और नहर में पानी का प्रवाह समय से बहाल किया जाए।

अब सवाल सीधा है_किसानों की फसल पहले बचेगी या विभागीय फाइलों में विकास की कहानी आगे बढ़ेगी? अन्नदाता को आश्वासन नहीं, खेतों तक पानी चाहिए!

#highlightseveryone #MYogiAdityanath #HardoiPolice #highlightseveryonefollowers #YogiAdityanath