ट्रेन में छूटा 22 हजार का मोबाइल, कासगंज जीआरपी ने यात्री को लौटाया

कासगंज। फर्रुखाबाद से कासगंज आ रहे रेल यात्री का करीब 22 हजार रुपये कीमत का ओप्पो मोबाइल फोन ट्रेन में छूट गया। कासगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या पांच पर खड़ी शिकोहाबाद-कासगंज पैसेंजर ट्रेन में मोबाइल लावारिस हालत में मिला। जीआरपी ने जानकारी जुटाकर मोबाइल के मालिक का पता लगाया और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे यात्री के सुपुर्द कर दिया।

फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र के घुंडी नगला रुदायन निवासी आसुद्दीन पुत्र लाल मोहम्मद ट्रेन से फर्रुखाबाद से कासगंज आ रहे थे। जल्दबाजी में उनका मोबाइल ट्रेन में ही छूट गया। कासगंज स्टेशन पर जीआरपी को मोबाइल मिलने के बाद पुलिस ने उसके संबंध में जानकारी जुटाई। यात्री को सूचना दिए जाने पर आसुद्दीन जीआरपी थाने पहुंचे और मोबाइल की पहचान की।

जीआरपी ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद ओप्पो कंपनी का एंड्रॉइड मोबाइल फोन आसुद्दीन को सौंप दिया।

मोबाइल बरामद करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, उपनिरीक्षक मो. नाजिर और हेड कांस्टेबल राजीव कुमार शामिल रहे।