ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कसा शिकंजा, 490 वाहनों के चालान; 15.66 लाख का जुर्माना

कासगंज। पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस ने रविवार को मालगोदाम चौराहा, नदरई तिराहा, सौरव ढाबा और बिलराम नहर पुल क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। प्रभारी यातायात लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में 490 वाहनों के चालान किए गए और दो वाहन सीज किए गए। चालान किए गए वाहनों पर कुल 15 लाख 66 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।

चेकिंग के दौरान मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, बिना एचएसआरपी या त्रुटिपूर्ण नंबर प्लेट और अवयस्कों द्वारा वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना फिटनेस, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के भी चालान किए गए।

ट्रिपल राइडिंग, मालवाहक वाहनों में सवारियां बैठाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अभियान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी यातायात रजनीश कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में चलाया गया।