टिटवाला स्टेशन पर प्लेटफॉर्म विस्तार के लिए तीन रात विशेष ब्लॉक, कई लोकल और लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित

टिटवाला स्टेशन पर प्लेटफॉर्म विस्तार के लिए तीन रात विशेष ब्लॉक, कई लोकल और लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित

15 कोच वाली ट्रेनों के संचालन के लिए प्लेटफॉर्म विस्तार का काम, 4/5 से 6/7 सितंबर तक रात में रहेगा असर

मुंबई। यात्रियों की सुविधा और भविष्य में 15 कोच वाली उपनगरीय ट्रेनों के संचालन को सुगम बनाने के लिए मध्य रेलवे द्वारा टिटवाला स्टेशन पर प्लेटफॉर्म विस्तार का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में 4/5 सितंबर से 6/7 सितंबर 2026 तक तीन रात विशेष यातायात एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा।

रेल प्रशासन के अनुसार, इन रातों में रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक अप और डाउन नॉर्थ ईस्ट लाइनों पर ब्लॉक रहेगा। यह कार्य 15 कोच वाली लोकल ट्रेनों को प्लेटफॉर्म पर संचालित करने की सुविधा विकसित करने के लिए चल रहे 15 दिवसीय विशेष ब्लॉक का हिस्सा है। पूरी परियोजना के तहत 28/29 अगस्त की मध्यरात्रि से 11/12 सितंबर की मध्यरात्रि तक प्रत्येक रात करीब 5 से 6 घंटे कार्य किया जा रहा है।

टिटवाला-कसारा के बीच लोकल सेवा रहेगी प्रभावित

ब्लॉक अवधि के दौरान टिटवाला और कसारा के बीच उपनगरीय रेल सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। टिटवाला जाने वाली कई लोकल ट्रेनों को आसनगांव तक बढ़ाया जाएगा, जबकि टिटवाला से शुरू होने वाली सेवाएं आसनगांव से संचालित की जाएंगी।

कई लोकल ट्रेनों को रद्द करने के साथ कुछ ट्रेनों को ठाणे और कल्याण तक शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा। इसी तरह कुछ सेवाएं ठाणे अथवा कल्याण से शुरू की जाएंगी। यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के संचालन की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है।

लंबी दूरी की कई ट्रेनें भी होंगी प्रभावित

ब्लॉक के चलते मुंबई से चलने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है। एलटीटी-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, सीएसएमटी-अमृतसर एक्सप्रेस, सीएसएमटी-बनारस महानगरी एक्सप्रेस, एलटीटी-गोरखपुर कुशीनगर एक्सप्रेस, एलटीटी-भुवनेश्वर एक्सप्रेस और एलटीटी-हटिया एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को निर्धारित समय से बाद में रवाना किया जाएगा।

इसके अलावा कुछ ट्रेनों को वासिंद, आटगांव, खारडी, कसारा और इगतपुरी स्टेशनों पर निर्धारित अवधि के लिए नियंत्रित किया जाएगा। कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों के गंतव्य तक पहुंचने में करीब 30 से 40 मिनट की देरी होने की संभावना है।

मध्य रेलवे ने बताया कि यह ब्लॉक रेल बुनियादी ढांचे के रखरखाव, प्लेटफॉर्म विस्तार और यात्रियों की सुरक्षित एवं बेहतर रेल यात्रा के लिए आवश्यक है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से असुविधा के लिए सहयोग की अपील की है।