मुंबई से सावंतवाड़ी के लिए रोजाना चलेगी नई एक्सप्रेस, कोंकण यात्रियों को बड़ी सौगात

मुंबई। कोंकण क्षेत्र के यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए मध्य रेल छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) मुंबई से सावंतवाड़ी रोड के बीच नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने जा रहा है। इस ट्रेन का शुभारंभ 3 सितंबर 2026 को किया जाएगा।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 3 सितंबर को दोपहर 12:50 बजे सीएसएमटी से इस नई सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

उद्घाटन विशेष ट्रेन संख्या 01001 दोपहर 12:50 बजे सीएसएमटी से रवाना होकर अगले दिन रात 2 बजे सावंतवाड़ी रोड पहुंचेगी। ट्रेन का ठहराव दादर, ठाणे, पनवेल, पेण, रोहा, माणगांव, वीर, खेड, चिपलूण, सावर्डा, अरावली रोड, संगमेश्वर रोड, रत्नागिरी, अडावली, वालिवडे, राजापुर रोड, वैभववाड़ी रोड, नंदगांव रोड, कणकवली, सिंधुदुर्ग और कुडाल स्टेशनों पर होगा।

ट्रेन में एक प्रथम वातानुकूलित श्रेणी, दो वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, तीन वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, चार शयनयान, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी तथा अन्य आवश्यक कोच शामिल होंगे।

कोंकण के यात्रियों को होगा बड़ा फायदा

सीएसएमटी-सावंतवाड़ी रोड दैनिक एक्सप्रेस शुरू होने से कणकवली, कुडाल, सावंतवाड़ी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को मुंबई से सीधी दैनिक रेल सुविधा मिलेगी। नियमित सेवा से स्थानीय यात्रियों के साथ व्यापारियों और पर्यटकों को भी काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

नई ट्रेन से दक्षिण कोंकण के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। सावंतवाड़ी, आंबोली, तारकर्ली और गोवा सीमा से जुड़े पर्यटन क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी। रात में यात्रा और सुविधाजनक समय के कारण यात्रियों को बेहतर यात्रा विकल्प मिलेगा।

इसके अलावा यह ट्रेन लोकमान्य तिलक टर्मिनस और दादर से कोंकण की ओर जाने वाली अन्य ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम करने में भी मदद करेगी।

मध्य रेल के अनुसार, ट्रेन की नियमित सेवा से संबंधित विस्तृत समय-सारणी की जानकारी बाद में जारी की जाएगी। नई दैनिक सेवा कोंकण क्षेत्र में रेल संपर्क मजबूत करने के साथ-साथ पर्यटन, व्यापार और सामाजिक-आर्थिक विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।