टिटवाला में 15 दिन का विशेष रेल ब्लॉक, कई लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित

टिटवाला में 15 दिन का विशेष रेल ब्लॉक, कई लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित

15 कोच वाली ट्रेनों के संचालन के लिए प्लेटफॉर्म विस्तार का काम, 9/10 सितंबर की रात 5 घंटे 40 मिनट रहेगा ब्लॉक

मुंबई। मध्य रेलवे द्वारा 15 कोच वाली उपनगरीय ट्रेनों के संचालन के लिए टिटवाला स्टेशन के प्लेटफॉर्म विस्तार का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए 28/29 अगस्त से 11/12 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि तक 15 दिनों का विशेष ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जा रहा है। प्रत्येक रात करीब 5 से 6 घंटे तक चलने वाले इस ब्लॉक का असर लोकल और कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन पर पड़ेगा।

9/10 सितंबर की रात 23:30 बजे से 05:10 बजे तक ब्लॉक

मध्य रेलवे के अनुसार 9/10 सितंबर की मध्यरात्रि को अप एवं डाउन नॉर्थ ईस्ट लाइनों पर रात 11:30 बजे से सुबह 5:10 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान टिटवाला और कसारा के बीच उपनगरीय रेल सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी।

आसनगांव तक चलेंगी कई लोकल ट्रेनें

टिटवाला जाने वाली सभी उपनगरीय सेवाओं को आसनगांव तक बढ़ाया जाएगा, जबकि टिटवाला से शुरू होने वाली सेवाएं आसनगांव से शुरू की जाएंगी। इसके अलावा कुछ लोकल ट्रेनों को ठाणे और कल्याण तक सीमित किया जाएगा।

ब्लॉक के दौरान कई सीएसएमटी-टिटवाला, सीएसएमटी-कसारा, ठाणे-टिटवाला और टिटवाला-सीएसएमटी लोकल सेवाएं रद्द रहेंगी। कुछ ट्रेनों का शॉर्ट टर्मिनेशन ठाणे में किया जाएगा, जबकि कुछ सेवाएं कल्याण से शुरू होंगी।

अंतिम और पहली लोकल के समय में भी बदलाव

ब्लॉक से पहले डाउन नॉर्थ ईस्ट लाइन पर कसारा के लिए अंतिम लोकल सीएसएमटी से रात 10:47 बजे रवाना होगी। वहीं अप लाइन पर सीएसएमटी के लिए कसारा से अंतिम लोकल रात 10:00 बजे चलेगी।

ब्लॉक समाप्त होने के बाद डाउन लाइन पर कसारा के लिए पहली लोकल सीएसएमटी से सुबह 4:19 बजे रवाना होगी। अप लाइन पर सीएसएमटी के लिए पहली लोकल कसारा से 3:51 बजे तथा टिटवाला से 5:11 बजे रवाना होगी।

लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी असर

ब्लॉक के दौरान कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रास्ते में नियंत्रित किया जाएगा। गोरखपुर-दादर एक्सप्रेस को वासिंद में रात 2:27 बजे से सुबह 5:00 बजे तक नियंत्रित किया जाएगा, जबकि अयोध्या कैंट-एलटीटी मुंबई एक्सप्रेस को आटगांव में रात 2:35 बजे से सुबह 4:55 बजे तक नियंत्रित किया जाएगा।

इसके अलावा शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस, हावड़ा-सीएसएमटी मेल एक्सप्रेस और नागपुर-मडगांव एक्सप्रेस अपने गंतव्य पर करीब 10 से 15 मिनट की देरी से पहुंच सकती हैं।

मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि प्लेटफॉर्म विस्तार और अन्य जरूरी बुनियादी ढांचा कार्यों के कारण होने वाली असुविधा में सहयोग करें। रेलवे ने कहा है कि ये कार्य रेल परिचालन की सुविधा, सुरक्षा और भविष्य में 15 कोच वाली ट्रेनों के संचालन के लिए आवश्यक हैं।