जोधपुर स्टेशन पर चला स्वच्छता अभियान, डीआरएम ने यात्रियों से लिया फीडबैक

जोधपुर। गांधी-शास्त्री जयंती के अवसर पर जोधपुर रेलवे स्टेशन पर ?क्लीन ट्रेन, क्लीन प्लेटफॉर्म? अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने अधिकारियों, कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों के साथ स्टेशन के कार पार्किंग क्षेत्र में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

डीआरएम ने कहा कि रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों को स्वच्छ रखने में यात्रियों की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने यात्रियों से कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने और अन्य यात्रियों को भी स्वच्छता के लिए जागरूक करने की अपील की।

अभियान के दौरान डीआरएम ने प्लेटफॉर्म पर खड़ी बाड़मेर-ऋषिकेश एक्सप्रेस में यात्रियों से संवाद कर साफ-सफाई व्यवस्था का फीडबैक लिया और उनके सुझाव भी जाने। उन्होंने यात्रियों से रेलवे की स्वच्छता मुहिम में सहयोग करने का आग्रह किया। बच्चों से संवाद कर उन्हें टॉफियां भी वितरित की गईं।

इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक करणी राम, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सीताराम बुनकर सहित रेलवे के कई अधिकारी, कर्मचारी और पर्यावरण मित्र मौजूद रहे।