सांभर लेक को मिली जम्मूतवी की सीधी रेल कनेक्टिविटी, शालीमार-मालाणी एक्सप्रेस का ठहराव शुरू

जोधपुर। सांभर क्षेत्र के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात मिली है। जम्मूतवी-बाड़मेर-जम्मूतवी शालीमार-मालाणी एक्सप्रेस का सांभर लेक स्टेशन पर ठहराव शुरू हो गया है। ट्रेन के प्रथम ठहराव के अवसर पर स्टेशन पर बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और उत्साह के साथ ट्रेन का स्वागत किया। यात्रियों ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।

पूर्व विधायक निर्मल कुमावत और सांभर नगरपालिका मंडल अध्यक्ष पवन कुमार मोदी ने भारत माता की जय के नारों और करतल ध्वनि के बीच ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर बाड़मेर के लिए रवाना किया। इस दौरान सांभर लेक के हजारों नागरिकों और महिलाओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शालीमार-मालाणी एक्सप्रेस के ठहराव से सांभर को जम्मूतवी से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिल गई है। इसके साथ ही जयपुर आने-जाने वाले दैनिक यात्रियों और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी सुविधा मिलेगी। लंबी दूरी की यात्रा के लिए यात्रियों को अब नजदीकी स्टेशन से ही रेल सेवा उपलब्ध हो सकेगी।

पूर्व विधायक निर्मल कुमावत ने कहा कि सांभर लेक स्टेशन पर शालीमार-मालाणी एक्सप्रेस का ठहराव क्षेत्र के रेल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे लोगों की यात्रा आसान होगी और सांभर की दूसरे शहरों से रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। उन्होंने सुविधा के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया।

नगरपालिका मंडल अध्यक्ष पवन कुमार मोदी ने कहा कि बेहतर रेल सुविधा से केवल यात्रियों को ही लाभ नहीं मिलेगा, बल्कि क्षेत्र के व्यापार, रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। सांभर लेक की देश-विदेश में अलग पहचान है और बेहतर रेल कनेक्टिविटी से यहां आने वाले पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर पालिका उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सांभर लेक के दैनिक रेलयात्री महासंघ की ओर से जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों का स्वागत किया गया। महासंघ ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी का आभार जताया।

प्रथम ठहराव के अवसर पर जोधपुर मंडल के सहायक वाणिज्य प्रबंधक बी.के. गौड़ और सहायक मंडल इंजीनियर विनीत शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन राजकुमार जोशी ने किया।

दो मिनट का ठहराव, यात्रियों को बड़ा लाभ

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार, ट्रेन संख्या 14662 जम्मूतवी-बाड़मेर शालीमार-मालाणी एक्सप्रेस 29 सितंबर से प्रतिदिन शाम 7:11 बजे सांभर लेक पहुंचेगी और 7:13 बजे रवाना होगी। वहीं ट्रेन संख्या 14661 बाड़मेर-जम्मूतवी शालीमार-मालाणी एक्सप्रेस 30 सितंबर से प्रतिदिन सुबह 7:40 बजे सांभर लेक पहुंचेगी और 7:42 बजे जम्मूतवी के लिए रवाना होगी।

रेलवे ने सांभर लेक स्टेशन पर इस ठहराव को प्रायोगिक आधार पर मंजूरी दी है। दो मिनट के इस ठहराव से सांभर और आसपास के यात्रियों को जम्मूतवी सहित लंबी दूरी की रेल यात्रा के लिए नया और सुविधाजनक विकल्प मिल गया है।