जीजी हिंदू मॉडल इंटर कॉलेज में अग्निशमन विभाग ने कराई मॉक ड्रिल, छात्रों को दिया सुरक्षा प्रशिक्षण

मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पसिया के निर्देश पर शनिवार को जीजी हिंदू मॉडल इंटर कॉलेज, बुध बाजार में अग्निशमन विभाग की ओर से मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को आग से बचाव तथा आपात स्थिति में सुरक्षित रहने के महत्वपूर्ण तरीके बताए।

मॉक ड्रिल के दौरान आग लगने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदम, सुरक्षित स्थान पर पहुंचने, लोगों को बाहर निकालने और अग्निशमन उपकरणों के सही इस्तेमाल की जानकारी दी गई। अग्निशमन विभाग की टीम ने विद्यार्थियों को अग्निशमन यंत्र चलाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और आग जैसी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ और सावधानी के साथ कार्य करने की जानकारी हासिल की। अग्निशमन विभाग की इस पहल से बच्चों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी और उन्हें आपदा के समय अपनी तथा दूसरों की जान बचाने के लिए तैयार रहने का संदेश मिला।