चन्दौसी के गणेश चौथ मेले में यात्रियों को मिलेगी बेहतर बस सेवा, पथरा मोड़ पर बनेगा अस्थायी बस स्टेशन

मुरादाबाद। चन्दौसी में आयोजित होने वाले गणेश चौथ मेले को लेकर परिवहन विभाग ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को सुगम एवं सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पीतल नगरी डिपो की ओर से पथरा मोड़ पर अस्थायी बस स्टेशन स्थापित किया जाएगा।

यह अस्थायी बस स्टेशन 14 सितंबर 2026 की सुबह से 15 सितंबर 2026 की रात तक संचालित रहेगा। यहां यात्रियों की सुविधा के लिए चौबीसों घंटे परिवहन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि मेले के दौरान यात्रियों को बसों के संचालन और मार्ग संबंधी जानकारी आसानी से मिल सके।

अस्थायी बस स्टेशन से यात्रियों की उपलब्धता के अनुसार बदायूं, बिसौली, बहजोई, मुरादाबाद, बिलारी, संभल सहित अन्य प्रमुख स्थानों के लिए बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर मांग के अनुसार अतिरिक्त बसों का संचालन भी किया जाएगा।

क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर ने बताया कि गणेश चौथ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए परिवहन विभाग पूरी तरह तैयार है। अस्थायी बस स्टेशन पर कर्मचारियों की चौबीसों घंटे तैनाती के साथ ही यात्रियों की संख्या के अनुसार बसों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। अस्थायी बस स्टेशन की व्यवस्था की जिम्मेदारी राजीव यादव को प्रभारी के रूप में सौंपी गई है।

परिवहन विभाग की इस व्यवस्था से गणेश चौथ मेले में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को मेला समाप्त होने के बाद अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।