छठ पूजा पर रेलवे की बड़ी सौगात, पांच जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का संचालन; कई ट्रेनों की सेवा बढ़ाई

गुवाहाटी। छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे ने पांच जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इनमें दो जोड़ी ट्रेनों की सेवाओं का विस्तार किया गया है, जबकि तीन नई जोड़ी विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इन ट्रेनों से यात्रियों को त्योहार के दौरान आवागमन के अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 07555/07554 कटिहार-पूर्णिया-कटिहार स्पेशल का विस्तार अररिया तक किया गया है। वहीं ट्रेन संख्या 08661/08662 रांची-अलीपुरद्वार जंक्शन-रांची स्पेशल के दो-दो अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे।

कटिहार-अररिया के बीच प्रतिदिन चलेगी स्पेशल ट्रेन

ट्रेन संख्या 07555 कटिहार-अररिया फेस्टिवल स्पेशल 11 से 30 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन चलेगी। यह ट्रेन कटिहार से रात 21:30 बजे रवाना होकर 23:30 बजे अररिया पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 07554 अररिया-कटिहार स्पेशल 12 नवंबर से 1 दिसंबर तक प्रतिदिन चलेगी। यह ट्रेन अररिया से रात 00:15 बजे रवाना होकर 02:15 बजे कटिहार पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में 20-20 फेरे लगाए जाएंगे। ट्रेन में कुल 8 कोच होंगे।

रांची-अलीपुरद्वार के बीच दो अतिरिक्त फेरे

ट्रेन संख्या 08661 रांची-अलीपुरद्वार जंक्शन साप्ताहिक पूजा स्पेशल 16 और 23 नवंबर को रांची से रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 08662 अलीपुरद्वार जंक्शन-रांची स्पेशल 18 और 25 नवंबर को चलेगी। दोनों ट्रेनों का संचालन मौजूदा समय-सारणी, ठहराव और कोच संरचना के अनुसार किया जाएगा।

कटिहार-मनिहारी के बीच दो विशेष ट्रेनें

ट्रेन संख्या 07546 कटिहार-मनिहारी फेस्टिवल स्पेशल 9 से 16 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगी। यह कटिहार से रात 23:15 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 00:15 बजे मनिहारी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 07545 मनिहारी-कटिहार 10 से 17 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगी। यह मनिहारी से रात 02:00 बजे रवाना होकर 03:00 बजे कटिहार पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में 8-8 फेरे लगाए जाएंगे और ट्रेन में 8 कोच होंगे।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 07548 कटिहार-मनिहारी स्पेशल 11 से 16 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 10:45 बजे कटिहार से रवाना होकर 11:45 बजे मनिहारी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 07547 दोपहर 12:00 बजे मनिहारी से चलकर 13:00 बजे कटिहार पहुंचेगी। इस मार्ग पर यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन संख्या 07540/07539 कटिहार-मनिहारी-कटिहार स्पेशल में 3 अतिरिक्त कोच भी लगाए जाएंगे।

कोलकाता-न्यू कूचबिहार के बीच भी विशेष ट्रेन

ट्रेन संख्या 03125/03126 कोलकाता-न्यू कूचबिहार-कोलकाता साप्ताहिक स्पेशल का संचालन भी जारी रहेगा। ट्रेन संख्या 03125 कोलकाता से 14, 21 और 28 नवंबर को रात 23:40 बजे रवाना होकर अगले दिन 15:30 बजे न्यू कूचबिहार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 03126 15, 22 और 29 नवंबर को शाम 18:30 बजे न्यू कूचबिहार से रवाना होकर अगले दिन सुबह 08:10 बजे कोलकाता पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे और प्रत्येक दिशा में 4 फेरे लगाए जाएंगे।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, इन सभी विशेष ट्रेनों के ठहराव और समय-सारणी की जानकारी आईआरसीटीसी की वेबसाइट और पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के आधिकारिक सोशल मीडिया माध्यमों पर उपलब्ध कराई जा रही है। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन का समय और अन्य विवरण अवश्य जांच लें।