जियागंज-भगवानगोला के बीच समपार फाटक 154/E स्थायी रूप से बंद, यात्रियों की सुविधा के लिए बनाया गया नया सबवे

जियागंज-भगवानगोला के बीच समपार फाटक 154/E स्थायी रूप से बंद, यात्रियों की सुविधा के लिए बनाया गया नया सबवे

कोलकाता। रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और सड़क यातायात को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सियालदह मंडल ने जियागंज और भगवानगोला रेलवे स्टेशनों के बीच किलोमीटर संख्या 208/19-21 पर स्थित समपार फाटक संख्या 154/E को 3 नवंबर 2026 से स्थायी रूप से बंद कर दिया है। इसके स्थान पर सीमित ऊंचाई वाले सबवे (एलएचएस) का निर्माण कराया गया है।

नवनिर्मित सबवे तैयार होने के बाद अब समपार फाटक से गुजरने वाले सड़क यातायात को इसी रास्ते से निकाला जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से बंद किए गए फाटक के दोनों ओर सड़क पर खाइयां बनाई गई हैं और अनधिकृत आवागमन रोकने के लिए रेल पोस्ट फेंसिंग भी लगाई गई है।

सियालदह मंडल ने स्थानीय निवासियों, यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि रेलवे लाइन पार करने के लिए केवल नवनिर्मित सबवे का इस्तेमाल करें और बंद किए गए समपार फाटक से गुजरने का प्रयास न करें। रेलवे की इस पहल से समपार फाटकों पर होने वाली दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने के साथ ही लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का विकल्प मिलेगा।