घरेलू गैस सिलेंडरों से वाहनों में अवैध रिफिलिंग करते दो आरोपी गिरफ्तार 3 घरेलू गैस सिलेंडर, रिफिलिंग मोटर और ईको कार सहित 5.10 लाख रुपए का मशरूका जब्त

छापीहेड़ा। थाना छापीहेड़ा पुलिस ने घरेलू गैस सिलेंडरों से वाहनों में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से तीन घरेलू गैस सिलेंडर, गैस रिफिलिंग मोटर और सफेद रंग की ईको कार सहित कुल करीब 5 लाख 10 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया है।पुलिस के अनुसार खजुरी रोड, छापीहेड़ा स्थित एक मकान के सामने घरेलू उपयोग के गैस सिलेंडरों से वाहनों में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। इस दौरान दो व्यक्ति सफेद रंग की ईको कार में घरेलू गैस सिलेंडरों से मोटर के माध्यम से गैस रिफिलिंग करते पाए गए।पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अनुराग जायसवाल पिता महेश जायसवाल, निवासी खजुरी रोड, छापीहेड़ा तथा सोनू साहू पिता जुगल किशोर साहू, निवासी भाटखेड़ा, थाना छापीहेड़ा बताए। पुलिस द्वारा गैस रिफिलिंग के संबंध में वैध दस्तावेज एवं अनुमति मांगी गई, लेकिन दोनों आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।पुलिस ने मौके से इंडियन कंपनी के कुल तीन घरेलू गैस सिलेंडर, जिनमें एक आधा भरा हुआ तथा दो खाली सिलेंडर बताए गए हैं, गैस रिफिलिंग की एक मोटर और सफेद रंग की ईको कार जब्त की। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 5 लाख 10 हजार रुपए बताई गई है।कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर मुकाती, सहायक उप निरीक्षक करतार सिंह, प्रधान आरक्षक दिवाकर वर्मा, आरक्षक पंकज शर्मा एवं आरक्षक भारत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।