घने कोहरे के चलते दिसंबर से फरवरी तक 25 जोड़ी ट्रेनें रहेंगी रद्द, कई का संचालन अम्बाला तक सीमित

घने कोहरे के चलते दिसंबर से फरवरी तक 25 जोड़ी ट्रेनें रहेंगी रद्द, कई का संचालन अम्बाला तक सीमित

कोहरे से तीन महीने रेल यातायात प्रभावित

अम्बाला। सर्दियों में घने कोहरे और धुंध के कारण रेलवे ने दिसंबर 2026 से फरवरी 2027 तक कई रेलगाड़ियों के संचालन में बदलाव किया है। उत्तर रेलवे के अम्बाला मंडल की ओर से जारी सूचना के अनुसार इस अवधि में कई ट्रेनें अलग-अलग तिथियों में रद्द रहेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से किया जाएगा। इससे यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेना जरूरी होगा।

रेलवे के अनुसार काठगोदाम-जम्मूतवी, जम्मूतवी-काठगोदाम, योग नगरी ऋषिकेश-जम्मूतवी, जम्मूतवी-योग नगरी ऋषिकेश, अमृतसर-चंडीगढ़, चंडीगढ़-अमृतसर, श्री माता वैष्णो देवी कटरा-कालका, कालका-कटरा, अमृतसर-नंगल डैम, नंगल डैम-अमृतसर, बरौनी-अम्बाला छावनी, अम्बाला छावनी-बरौनी, फिरोजपुर-चंडीगढ़ और चंडीगढ़-फिरोजपुर सहित कई रेलगाड़ियां प्रभावित रहेंगी।

इसके अलावा लालकुआं-अमृतसर, अमृतसर-लालकुआं, पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर और अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस भी निर्धारित अवधि में रद्द रहेंगी। डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस और चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस का संचालन भी दिसंबर से फरवरी तक निर्धारित तिथियों पर नहीं होगा।

अम्बाला छावनी तक ही चलेंगी दो ट्रेनें

रेलवे ने नई दिल्ली-जालंधर सिटी एक्सप्रेस और जालंधर सिटी-नई दिल्ली एक्सप्रेस के संचालन में भी बदलाव किया है। ट्रेन संख्या 14681 दिसंबर से फरवरी तक जालंधर सिटी के बजाय अम्बाला छावनी तक ही चलेगी। वहीं ट्रेन संख्या 14682 जालंधर सिटी के बजाय अम्बाला छावनी से अपनी यात्रा शुरू करेगी।

उत्तर मध्य रेलवे की आगरा फोर्ट-होशियारपुर और होशियारपुर-आगरा फोर्ट रेलगाड़ियां भी निर्धारित दिनों में रद्द रहेंगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और नवीनतम जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। इसके लिए रेलवन ऐप, रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट और हेल्पलाइन नंबर 139 की सहायता ली जा सकती है। यात्री रेलवे स्टेशन पर मौजूद कर्मचारियों से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।