दीपावली और छठ पर्व पर अम्बाला मंडल से 19.50 लाख यात्रियों ने किया सफर, 67 विशेष ट्रेनें चलाईं

अम्बाला। दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के अम्बाला मंडल द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए। त्योहारों के दौरान मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों से करीब 19.50 लाख यात्रियों ने रेल यात्रा की। इनमें लगभग 5.20 लाख यात्री पूर्वी राज्यों की ओर जाने वाले रहे। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया, जिनसे प्रतिदिन करीब 40,000 अतिरिक्त यात्रियों को सफर की सुविधा मिली।

रेलवे प्रशासन के अनुसार 13 नवंबर 2026 तक मंडल के विभिन्न स्टेशनों से 67 विशेष ट्रेन यात्राओं का संचालन निर्धारित किया गया था। इनमें से 51 यात्राएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 16 शेष हैं। इन विशेष ट्रेनों का संचालन चंडीगढ़, बठिंडा, अम्बाला छावनी, सरहिंद और सहारनपुर रेलवे स्टेशनों से किया गया।

इसके अलावा अम्बाला मंडल से होकर गुजरने वाली 25 विशेष ट्रेनों की 189 यात्राएं निर्धारित की गई थीं। इनमें से 150 यात्राएं संचालित हो चुकी हैं, जबकि 39 यात्राएं शेष हैं।

त्योहारों के दौरान रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन, रेल परिचालन की निगरानी और कर्मचारियों की तैनाती के विशेष इंतजाम किए। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना रहा।