गोवा के मडगांव में सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड का चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न, 56 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

गोवा के मडगांव में सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड का चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न, 56 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

प्राथमिक चिकित्सा, सीपीआर और आपदा प्रबंधन का दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आठ सदस्य हुए सम्मानित

प्रयागराज।सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज की ब्रिगेड संख्या-1 एवं ब्रिगेड संख्या-2 के संयुक्त तत्वावधान में चार दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सत्र 2025?26) का आयोजन मडगांव, गोवा में किया गया। 20 से 23 नवंबर 2026 तक आयोजित इस शिविर में अधिकारियों एवं सदस्यों सहित कुल 56 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

शिविर के दौरान प्रतिदिन सुबह परेड और प्रार्थना के बाद विशेषज्ञ प्रशिक्षक सतपाल सिंह के मार्गदर्शन में सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। इसमें प्रतिभागियों को प्राथमिक चिकित्सा (फर्स्ट एड), सीपीआर, फ्रैक्चर ड्रिल, रक्तस्राव नियंत्रण, घायलों के सुरक्षित स्थानांतरण और भीड़ प्रबंधन की बारीकियां सिखाई गईं। प्रशिक्षण का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने के लिए सदस्यों को दक्ष बनाना रहा।

शिविर के अंतिम दिन अनुशासित परेड, प्रार्थना, समापन समारोह, ज्ञानवर्धक क्विज प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। समापन समारोह में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड के उपायुक्त सुरेंद्र नाथ, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं डिवीजनल कमांडर (मेडिकल) डॉ. आशीष अग्रवाल, सहायक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं मुख्य अतिथि डॉ. परवेज अहमद, सेवानिवृत्त कोर कमांडर (प्रशासन) मुकेश कुमार कुलश्रेष्ठ, सेवानिवृत्त डिवीजन कमांडर (प्रशासन) दिनेश कुमार तथा सेवानिवृत्त एम्बुलेंस अधिकारी ए.के. आर्य सहित अन्य चिकित्सक, अधिकारी एवं ब्रिगेड पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस दौरान वक्ताओं ने मानव सेवा में सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड की महत्वपूर्ण भूमिका और आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक चिकित्सा की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। सदस्यों की बढ़ती संख्या और सेवा कार्यों को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज में तीसरी ब्रिगेड के गठन का प्रस्ताव भी रखा गया, ताकि अधिक से अधिक रेलकर्मियों को प्राथमिक चिकित्सा और आपदा प्रबंधन के प्रशिक्षण से जोड़ा जा सके।

क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आठ सदस्यों संदीप कुमार केसरवानी, विजय कुमार, विमलेश कुमार पटेल, अमित कुमार शुक्ला, विनोद कुमार यादव, सौरभ पटेल वर्मा, शिवा और प्रमोद कुमार पटेल को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों में शारीरिक सहनशक्ति, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने के उद्देश्य से प्रसिद्ध दूधसागर जलप्रपात की साहसिक ट्रेकिंग भी कराई गई।

शिविर को सफल बनाने में मंडल सचिव आलोक कुमार वर्मा, सार्जेंट विजय प्रकाश, कॉरपोरल अमित कुमार मौर्य, मनबोध चौरसिया, ओम प्रकाश, पवन कुमार, प्रशिक्षक सतपाल सिंह, अमित शुक्ला, महेश कुमार, मीडिया प्रभारी संदीप कुमार केसरवानी और उप मीडिया प्रभारी प्रमोद कुमार सहित सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

इस चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर से प्राप्त अनुभव और कौशल भविष्य में रेल यात्रियों, रेलकर्मियों एवं आम नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।