घायल यात्री की मदद को आगे आए मुख्य टिकट निरीक्षक दिवाकर शुक्ला, किट से दिया प्राथमिक उपचार

प्रयागराज। यात्रियों की सहायता और सुरक्षा के प्रति रेलकर्मियों की जिम्मेदारी का उदाहरण प्रयागराज जंक्शन पर देखने को मिला। यहां मुख्य टिकट निरीक्षक दिवाकर शुक्ला ने तत्परता दिखाते हुए अचानक गिरकर घायल हुए भारतीय सेना के एक जवान को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।

जानकारी के अनुसार 15 नवंबर को करीब सुबह 7:30 बजे लगभग 50 वर्षीय सेना में कार्यरत यात्री गाड़ी संख्या 12802 से प्रयागराज से वाराणसी जाने के लिए स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 4 के पास लिफ्ट के नजदीक वह अचानक गिरकर चोटिल हो गए। वहां से गुजर रहे मुख्य टिकट निरीक्षक दिवाकर शुक्ला की नजर जब घायल यात्री पर पड़ी तो उन्होंने बिना देर किए उनकी मदद की।

यात्री द्वारा चोट लगने पर दवाइयों के संबंध में पूछने पर दिवाकर शुक्ला ने अपने पास मौजूद प्राथमिक चिकित्सा किट से उन्हें तत्काल उपचार दिया और हरसंभव सहायता की। उनकी तत्परता से यात्री को समय पर प्राथमिक उपचार मिल सका।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन के निर्देशन में प्रयागराज मंडल में रेलकर्मियों को यात्रियों की सहायता के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। रेल प्रशासन ने दिवाकर शुक्ला के मानवीय सेवाभाव और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए इसे अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायक बताया।