गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन

फतेहपुर।जनपद की बदहाल व्यवस्थाओं और प्रशासनिक हीलाहवाली के खिलाफ बुधवार को गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने कलक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया।राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में गुलाबी साड़ी और हाथों में डंडा थामे सैकड़ों महिलाओं ने भ्रष्टाचार के खिलाफ हुंकार भरी।प्रदर्शन के बाद संगठन ने जिलाधिकारी को सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।प्रमुख मांगें ये है कि बहुआ ब्लॉक के सुजानपुर, बहुआ देहात सहित ग्रामीण इलाकों में जल जीवन मिशन की बंद पड़ी पानी की टंकियों को तत्काल चालू कराया जाए और पाइपलाइन के लिए खोदे गए रास्तों की मरम्मत की जाए।पीएम आवास योजना से वंचित वास्तविक गरीब पात्रों के नामों की निष्पक्ष जांच कराकर दोबारा सूची में जोड़ा जाए।फतेहपुर-बांदा सागर रोड स्थित जिंदपुर टोल प्लाजा पर राहगीरों से अभद्रता और ओवरलोडिंग के नाम पर हो रही अवैध वसूली व गुंडागर्दी पर रोक लगाई जाए।शहर में जाम और हादसों का सबब बने जर्जर बिजली के पोलों को हटाया जाए।पटाखा मंडी में पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए जाएं और दुकानदारों का प्रशासनिक उत्पीड़न बंद हो।थानों में महिलाओं व पीड़ितों की शिकायतों की समयबद्ध सुनवाई सुनिश्चित की जाए।जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और बहुआ पीएचसी में बाहर की दवा लिखने और मरीजों से अवैध वसूली के खेल पर तुरंत रोक लगाई जाए।ज्ञापन लेने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।इस दौरान जिला अध्यक्ष सरला सिंह, मीना सिंह, संगीता, सरिता, राजरानी, सुमन, सत्यवती, गुड्डी, संयोगिता, रजिया, साजिदा, सतून, शहरुन, उर्मिला सहित सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहीं।