कानपुर सेंट्रल पर चौरी-चौरा एक्सप्रेस के 4 कोच पटरी से उतरे, सभी यात्री सुरक्षित; यात्रियों के लिए चलाई गई विशेष ट्रेन

प्रयागराज। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम बड़ा रेल हादसा होने से हड़कंप मच गया। ट्रेन संख्या 15003 चौरी-चौरा एक्सप्रेस के 4 कोच प्लेटफॉर्म से आगे बढ़ते समय पटरी से उतर गए। घटना शाम करीब 17:05 बजे की है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी यात्री के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 15003 कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 07 पर पहुंचने के बाद 17:03 बजे रवाना हुई थी। स्टेशन से आगे बढ़ते ही करीब 17:05 बजे ट्रेन के कोच संख्या B4, B5, B6 और B7 की एक-एक ट्रॉली पटरी से उतर गई। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

घटना के बाद प्रयागराज से वरिष्ठ रेलवे अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए। वहीं डिप्टी सीटीएम कानपुर के नेतृत्व में राहत कार्य चलाया गया। हादसे के बाद प्रभावित चार कोचों को ट्रेन से अलग कर शेष ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर 03 पर ले जाने की व्यवस्था की गई, ताकि बाकी ट्रेन को उसके गंतव्य के लिए रवाना किया जा सके।

प्रभावित यात्रियों के लिए चलाई गई विशेष ट्रेन

रेलवे प्रशासन ने प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए विशेष ट्रेन संख्या 05003 चलाने की व्यवस्था की। यह विशेष ट्रेन कानपुर सेंट्रल स्टेशन से रात 21:00 बजे रवाना हुई। इसके साथ ही यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा की सुविधा देने और यात्रा नहीं करने वाले यात्रियों को टिकट का 100 प्रतिशत रिफंड देने की व्यवस्था भी की गई।

रेल परिचालन पर नहीं पड़ा असर

रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस घटना के कारण अन्य ट्रेनों का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ। प्रभावित ट्रेन को छोड़कर बाकी सभी गाड़ियां सुचारू रूप से संचालित होती रहीं।

रेलवे ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

यात्रियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

कानपुर सेंट्रल: 0512-2323018, 0512-2323016, 0512-2323015

प्रयागराज जंक्शन: 0532-2408128, 0532-2407353, 0532-2408149

फतेहपुर: 9151833006

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने की अपील की है।