कलोल स्टेशन को मिला आधुनिक स्वरूप 48.22 करोड़ रुपये से बदला कलोल रेलवे स्टेशन का स्वरूप, आधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ स्टेशन

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के कलोल रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 48.22 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक पुनर्विकास किया गया है। पुनर्विकास के बाद स्टेशन को आधुनिक, सुरक्षित, सुविधाजनक और आकर्षक स्वरूप मिला है। स्टेशन भवन, प्रवेश द्वार, पार्किंग, फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म विस्तार और यात्री सुविधाओं से जुड़े प्रमुख कार्य पूरे किए जा चुके हैं।

14 हजार वर्ग फीट में आधुनिक स्टेशन भवन

कलोल स्टेशन पर करीब 14 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में आधुनिक स्टेशन भवन तैयार किया गया है। आकर्षक वास्तुशैली, सुंदर अग्रभाग और भित्तिचित्रों के जरिए स्टेशन परिसर को नया रूप दिया गया है। यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाओं का भी प्रावधान किया गया है।

दो नए प्रवेश और निकास द्वार

यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित बनाने के लिए 70 और 80 वर्ग फीट चौड़े दो नए प्रवेश द्वार तथा इसी आकार के दो निकास द्वार विकसित किए गए हैं। इसके साथ ही स्टेशन के दूसरे छोर से पहुंच को आसान बनाने के लिए दूसरा प्रवेश द्वार भी तैयार किया गया है।

40 फीट चौड़ा फुट ओवर ब्रिज और लिफ्ट

यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए करीब 7 हजार वर्ग फीट क्षेत्रफल में 40 फीट चौड़ा और 173 फीट लंबा फुट ओवर ब्रिज बनाया गया है। यह फुट ओवर ब्रिज शहर के दोनों छोर और सभी प्लेटफॉर्म को आपस में जोड़ता है। सभी प्लेटफॉर्म पर आने-जाने के लिए लिफ्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और अन्य यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी।

20 हजार वर्ग फीट का कवर शेड, बड़ा प्रतीक्षालय

यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए प्लेटफॉर्म पर करीब 20 हजार वर्ग फीट का कवर शेड तैयार किया गया है। वहीं करीब 2,370 वर्ग फीट का वेटिंग हॉल यात्रियों को आरामदायक प्रतीक्षास्थल उपलब्ध कराता है।

165 वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था

स्टेशन परिसर में करीब 18,750 वर्ग फीट क्षेत्र में व्यवस्थित पार्किंग विकसित की गई है। इसमें 55 चार पहिया और 110 दोपहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा है। इससे स्टेशन परिसर में वाहनों की आवाजाही और पार्किंग व्यवस्था अधिक सुगम होगी।

2,500 यात्रियों को प्रतिदिन मिलेगा लाभ

वर्तमान में कलोल स्टेशन से करीब 2,500 यात्री प्रतिदिन आवागमन करते हैं और 30 से अधिक ट्रेनें यहां ठहरती हैं। पुनर्विकास के बाद यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी और व्यवस्थित स्टेशन परिसर का लाभ मिलेगा।

भविष्य में बढ़ने वाली यात्री संख्या को ध्यान में रखते हुए स्टेशन को करीब 40 हजार यात्रियों की दैनिक आवाजाही को संभालने की क्षमता के अनुरूप विकसित किया गया है। स्टेशन के पुनर्विकास से कलोल और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं मिलने के साथ शहर के दोनों हिस्सों के बीच संपर्क भी मजबूत होगा।

आधुनिक स्टेशन भवन, लिफ्ट युक्त फुट ओवर ब्रिज, विशाल कवर शेड, वेटिंग हॉल, पार्किंग, विस्तारित प्लेटफॉर्म और दूसरे प्रवेश द्वार जैसी सुविधाओं के साथ कलोल स्टेशन क्षेत्र में आधुनिक एवं सुगम रेल परिवहन के नए केंद्र के रूप में विकसित हुआ है।