कलेक्टर रोक्तिमा यादव बच्चों के बीच पहुंचीं मिठाइयां बांटकर मनाई दीपावली

बैकुंठपुर। दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और आपसी प्रेम व सद्भाव का संदेश देता है। इसी भावना के साथ कोरिया कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव बाल संरक्षण गृह पहुंचीं और वहां रह रहे बच्चों के साथ दीपावली का त्योहार मनाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को मिठाइयां एवं फल वितरित कर उनके साथ खुशियों के पल साझा किए कलेक्टर श्रीमती यादव ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें जीवन में कभी निराश नहीं होने की सीख दी। उन्होंने कहा कि जीवन में कई चुनौतियां आएंगी, लेकिन उनसे घबराने के बजाय उनका सामना करते हुए निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की इस दौरान कलेक्टर बच्चों के साथ पटाखे फोड़कर उनकी खुशियों में शामिल हुईं। बच्चों ने भी उनसे खुलकर बातचीत की और त्योहार का आनंद लिया। पूरे परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता एवं बाल संरक्षण गृह के अधीक्षक भी उपस्थित रहे। कलेक्टर की इस आत्मीय पहल ने बच्चों को अपनापन और खुशियों का एहसास कराया। यह आयोजन संदेश दे गया कि त्योहार की असली खुशी दूसरों के चेहरों पर मुस्कान लाने और उनके साथ समय बिताने में है।