बैकुंठपुर में 2 नवंबर को सजेगा राज्योत्सव का मंच, संजय सुरीला के लोकगीतों पर झूमेंगे लोग 26वें राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की दिखेगी झलक

बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और परंपराओं की रंगारंग छटा के बीच कोरिया जिले में 26वें राज्योत्सव का भव्य आयोजन होने जा रहा है। आगामी 2 नवंबर को बैकुंठपुर के शासकीय आदर्श रामानुज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मिनी स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस समारोह में छत्तीसगढ़ी लोकगीतों से लेकर पंडवानी, कथक, महारास और वेस्टर्न डांस तक की शानदार प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। प्रसिद्ध लोकगायक संजय सुरीला की प्रस्तुति सांस्कृतिक संध्या का प्रमुख आकर्षण होगी राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस समारोह को यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन में स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने के साथ प्रदेश के विभिन्न शहरों से आने वाले कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

लोकगीतों से लेकर पंडवानी तक सजेगी सांस्कृतिक शाम

राज्योत्सव में शाम 4 बजे से स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां शुरू होंगी, जो शाम 5:30 बजे तक चलेंगी। इसके बाद मुख्य अतिथि का आगमन और उद्घाटन कार्यक्रम निर्धारित है। शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी।

अंबिकापुर के प्रसिद्ध लोकगायक संजय सुरीला छत्तीसगढ़ी लोकगीतों के माध्यम से दर्शकों को लोकसंस्कृति से जोड़ेंगे। वहीं रायपुर की किरण शर्मा एंड ग्रुप महारास एवं मोर नृत्य की प्रस्तुति देगा। बिलासपुर के वाइब्रेशन डांस स्टूडियो के कलाकार वेस्टर्न डांस से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे इसके अलावा नरेंद्र जलक्षत्रिय एवं सुश्री शिल्पा सिंह कथक नृत्य प्रस्तुत करेंगे। निनवा का जय दुर्गा पंडवानी दल पारंपरिक पंडवानी की प्रस्तुति देगा, जबकि रायपुर का सियाधेश म्यूजिक सुगम संगीत के जरिए सांस्कृतिक संध्या में सुरों का रंग भरेगा।

जनकल्याणकारी योजनाओं की भी लगेगी प्रदर्शनी

राज्योत्सव केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेगा। आयोजन स्थल पर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। इनके माध्यम से आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं, उनके लाभ और विभागीय गतिविधियों की जानकारी मिलेगी। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने बताया कि राज्योत्सव के सफल आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा भी की जा रही है, ताकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कलेक्टर की अपील सपरिवार पहुंचें, कलाकारों का बढ़ाएं उत्साह

कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने जिलेवासियों से 2 नवंबर को आयोजित राज्योत्सव में सपरिवार शामिल होने की अपील की है। उन्होंने लोगों से स्थानीय प्रतिभाओं और प्रदेश के कलाकारों का उत्साहवर्धन करने तथा छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति से जुड़ने का आग्रह किया है अब बैकुंठपुर में राज्योत्सव को लेकर लोगों की निगाहें 2 नवंबर की सांस्कृतिक शाम पर टिकी हैं। लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक कलाओं से सजा यह आयोजन जिलेवासियों को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराने का अवसर बनेगा।