कबड्डी प्रतियोगिता में चांदपट्टी की टीम बनी विजेता, हंसवर ए को 16 अंकों से हराया

आलापुर, अम्बेडकरनगर। खेल प्रतियोगिताएं आपसी भाईचारे और सद्भाव को बढ़ावा देती हैं। साथ ही खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। उक्त बातें पूर्व लोकसभा प्रत्याशी मित्रसेन यादव ने एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का फीता काटकर उद्घाटन करते हुए कहीं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला जय ब्रह्मचारी बाबा और गोरखपुर की टीम के बीच खेला गया, जिसमें गोरखपुर की टीम ने कड़े मुकाबले में जय ब्रह्मचारी बाबा की टीम को तीन अंकों से पराजित किया।

इस अवसर पर मित्रसेन यादव ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताओं से युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों के अभाव में कई प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पाती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक खिलाड़ी राज्य स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए गांवों में खेल मैदान विकसित किए जाने चाहिए।

प्रतियोगिता में कुल 20 टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मुकाबला हंसवर ए और चांदपट्टी की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में चांदपट्टी की टीम ने हंसवर ए को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। मुकाबले में हंसवर ए को 33 अंक, जबकि चांदपट्टी की टीम को 17 अंक मिले। विजेता टीम चांदपट्टी को पुरस्कृत किया गया।

प्रतियोगिता के आयोजक गोविंद निषाद ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने के उद्देश्य से इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रहेंगे।

इस मौके पर श्यामनन्द निषाद, विजय प्रकाश, राजेश यादव, दीपक निषाद, सुरेन्द्र निषाद, रामआजाद, घामू, कमलेश, संजय, संतबीर निषाद, बब्लू, राम अवध निषाद, योगेन्द्र निषाद, दिवाकर निषाद, हरिवंश, सोहन निषाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।