क्रॉप कटिंग के माध्यम से जिलाधिकारी ने परखी धान की उत्पादकता, किसानों को अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित

आलापुर ( अंबेडकरनगर) // खरीफ सीजन में धान की फसल की वास्तविक उत्पादकता का आकलन करने के लिए जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने तहसील आलापुर के राजस्व ग्राम देवरिया बुजुर्ग में क्रॉप कटिंग प्रयोग किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने किसान के खेत में स्वयं हसिया चलाकर पकी हुई धान की फसल काटी और उत्पादन का जायजा लिया।

क्रॉप कटिंग की यह प्रक्रिया सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से संपन्न कराई गई। मौके पर अधिकारियों की उपस्थिति में ऑनलाइन रैंडम चयनित ग्राम देवरिया बुजुर्ग के गाटा संख्या 384 में किसान तुफेल अहमद के खेत पर फसल कटाई का प्रयोग किया गया। इसके लिए 10 मीटर भुजा वाले समबाहु त्रिभुजाकार क्षेत्र (43.30 वर्ग मीटर) में धान की कटाई एवं मड़ाई कराई गई। इसके बाद प्राप्त धान का वजन कराया गया, जिसमें कुल 21.160 किलोग्राम उत्पादन प्राप्त हुआ।

इस आधार पर धान की उत्पादकता 48.8 क्विंटल प्रति हेक्टेयर आंकी गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्रॉप कटिंग के माध्यम से प्राप्त उपज के सटीक आंकड़े शासन को प्रेषित किए जाएं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित किसानों से क्षेत्र में उगाई जाने वाली प्रमुख फसलों, धान की विभिन्न किस्मों और उनकी उत्पादकता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही किसानों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया।

जिलाधिकारी ने बताया कि क्रॉप कटिंग प्रयोग के आधार पर ही जनपद में विभिन्न फसलों की औसत पैदावार का निर्धारण किया जाता है। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर कृषि उत्पादन के विवरण शासन को भेजे जाते हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल नुकसान की स्थिति में किसानों को मिलने वाले मुआवजे के निर्धारण में भी इन आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

इस मौके पर उप जिलाधिकारी आलापुर, तहसीलदार, नायब तहसीलदार जहांगीरगंज, क्षेत्रीय लेखपाल, ग्राम प्रधान दिलीप चौरसिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।