एक फोटो के सहारे 09 विकास कार्यों का खेल? गढ़ी पंचायत में 13.47 लाख के भुगतान पर सवाल, ग्राम प्रधान ने आरोपों को बताया बेबुनियाद!

एक फोटो के सहारे 09 विकास कार्यों का खेल? गढ़ी पंचायत में 13.47 लाख के भुगतान पर सवाल, ग्राम प्रधान ने आरोपों को बताया बेबुनियाद!

प्रधान रमेश कुमार बोले_ गाटा संख्या 676 पर कब्रिस्तान की खाई खुदाई का कार्य कराया गया, मनरेगा के 56 मजदूरों ने किया काम; अन्य विकास कार्यों को लेकर लगाए जा रहे आरोप निराधार।

#Hardoi

अरे साहब! गांव में विकास हुआ या सरकारी अभिलेखों में ही विकास की तस्वीरें सजाकर भुगतान का खेल हुआ? विकास खंड टड़ियावां की ग्राम पंचायत गढ़ी में नौ अलग-अलग विकास कार्यों के नाम पर करीब 13.47 लाख रुपये के भुगतान और एक ही फोटो बार-बार अपलोड किए जाने के आरोप ने मामले को चर्चा में ला दिया है।

पौधारोपण, हैंडपंप रिबोर, पंचायत भवन की बाउंड्रीवाल, शौचालय, स्ट्रीट लाइट, कुआं मरम्मत और पंचायत सचिवालय के उपकरणों समेत नौ कार्यों के भुगतान पर सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि अलग-अलग कार्यों के सत्यापन में पोर्टल पर एक ही तस्वीर का इस्तेमाल किया गया।

ग्राम प्रधान रमेश कुमार ने सामने आकर रखा अपना पक्ष

मामले में ग्राम प्रधान रमेश कुमार ने बताया कि गाटा संख्या 676 पर कब्रिस्तान की खाई खुदाई का कार्य कराया गया है, जिसमें मनरेगा योजना के अंतर्गत 56 मजदूरों ने काम किया है। प्रधान की ओर से इस संबंध में दस्तावेज भी प्रस्तुत किए गए हैं। वहीं ग्राम प्रधान रमेश कुमार ने ग्राम पंचायत के अन्य विकास कार्यों को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि विकास कार्यों के संबंध में उठाए जा रहे सवालों का वास्तविकता और अभिलेखों के आधार पर जवाब दिया जा सकता है।

डी डी शुक्ला की कलम से.....👇

प्रधान का पक्ष भी उतना ही जरूरी, जितना आरोपों की जांच!

ग्राम प्रधान रमेश कुमार ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है। अब प्रशासनिक जांच से ही स्पष्ट होगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और प्रस्तुत दस्तावेज विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति की पुष्टि करते हैं या नहीं।

जनता के पैसे का हिसाब पारदर्शी होना चाहिए। आरोप लगाने वालों के सवालों का जवाब भी मिले और जनप्रतिनिधि के पक्ष की निष्पक्ष जांच भी हो।

सवाल पूछना पत्रकारिता है, दोनों पक्षों को जगह देना निष्पक्षता और सच्चाई सामने लाना ही असली जिम्मेदारी!

डी.डी. शुक्ला/स्वतंत्र पत्रकार

हरदोई,उत्तर प्रदेश

#UttarPradesh #HardoiPolice #MYogiAdityanath #DMHardoi