उत्तर मध्य रेलवे में कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष जोर, संविदा कर्मियों की कार्यस्थल पर हो रही जांच

उत्तर मध्य रेलवे में कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष जोर, संविदा कर्मियों की कार्यस्थल पर हो रही जांच

स्वस्थ कर्मचारी स्वस्थ रेलवे अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर और सुरक्षा उपकरण वितरित

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे में कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के नेतृत्व में ?स्वस्थ कर्मचारी, स्वस्थ रेलवे? के मूल मंत्र के साथ स्वास्थ्य जांच शिविर, स्वच्छता अभियान और जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन पहलों में विशेष रूप से संविदा कर्मचारियों, सफाई मित्रों और स्टेशनों पर कार्यरत कर्मचारियों पर ध्यान दिया जा रहा है, ताकि उन्हें कार्यस्थल पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षा संसाधन उपलब्ध हो सकें।

रेलवे की ओर से संविदा कर्मचारियों और सफाई कर्मियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न चिकित्सीय जांच की जा रही हैं। इसका उद्देश्य बीमारियों का समय रहते पता लगाकर कर्मचारियों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही रेलवे अस्पतालों, कार्यशालाओं, शेडों और स्टेशनों सहित विभिन्न स्थानों पर संविदा कर्मचारियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।

सुरक्षा उपकरणों के साथ स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर

स्वच्छता और रखरखाव कार्यों में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन्हें व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण, मास्क और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई है। रेलवे का प्रयास है कि कर्मचारी सुरक्षित वातावरण में काम कर सकें और कार्य के दौरान संभावित जोखिमों से उनका बचाव हो।

कर्मचारियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए योग, तनाव प्रबंधन, विश्राम तकनीक, स्वस्थ खानपान और जीवनशैली में सुधार से जुड़े जागरूकता सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों को स्वस्थ रहने और काम के दबाव को बेहतर तरीके से संभालने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

प्राथमिक चिकित्सा और जीवन रक्षक प्रशिक्षण की पहल

आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कर्मचारियों को प्राथमिक चिकित्सा और कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा, संविदा कर्मचारियों और आम लोगों को जीवन रक्षक उपायों की जानकारी देने के लिए स्थानीय भाषा में प्राथमिक चिकित्सा पुस्तिका भी प्रकाशित की गई है। इससे आपात स्थिति में सही कदम उठाने और जरूरतमंदों की मदद करने के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

रेलवे कॉलोनियों और स्टेशनों पर स्वच्छता अभियान

उत्तर मध्य रेलवे की ओर से ?स्वच्छता ही सेवा? और ?स्वच्छता पखवाड़ा? के तहत रेलवे स्टेशनों और कॉलोनियों में व्यापक सफाई अभियान भी चलाए गए हैं। इनमें श्रमदान, प्लास्टिक के उपयोग के प्रति जागरूकता और कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में एकत्र करने की व्यवस्था को बढ़ावा दिया गया। इसके तहत हरे, नीले, लाल और काले रंग के डिब्बों के माध्यम से कचरा पृथक्करण पर जोर दिया गया है।

उत्तर मध्य रेलवे का उद्देश्य केवल रेल परिचालन को बेहतर बनाना ही नहीं, बल्कि इससे जुड़े प्रत्येक कर्मचारी के स्वास्थ्य, सम्मान और सुरक्षा को भी सुनिश्चित करना है। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के नेतृत्व में चल रही इन पहलों के माध्यम से संविदा कर्मचारियों, सफाई मित्रों और सहायक कर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा रेलवे में स्वस्थ, सुरक्षित और सहयोगी कार्य वातावरण विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।