उत्तर मध्य रेलवे की रमनदीप कौर ने राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक

उत्तर मध्य रेलवे की रमनदीप कौर ने राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक

42 किलोमीटर रेस वॉक स्पर्धा में हासिल किया पहला स्थान, मंडल रेल प्रबंधक ने दी बधाई

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे की महिला एथलीट रमनदीप कौर ने राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे का गौरव बढ़ाया है। नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 8 से 11 अक्टूबर 2026 तक आयोजित प्रतियोगिता में रमनदीप ने 42 किलोमीटर रेस वॉक स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।

भारतीय रेलवे का प्रतिनिधित्व करते हुए रमनदीप कौर ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर यह उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता पर प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रमनदीप कौर प्रयागराज मंडल के वाणिज्य विभाग में मुख्य टिकट परीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने 30 मई 2022 को रेलवे सेवा में योगदान दिया था। नौकरी के साथ खेल के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।

पहले भी कई प्रतियोगिताओं में जीत चुकी हैं पदक

रमनदीप कौर ने वर्ष 2021 में तेलंगाना में आयोजित 60वीं ओपन राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप और वर्ष 2022 में रांची में आयोजित 9वीं भारतीय ओपन रेस वॉकिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा वर्ष 2022 और 2023 की राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक तथा वर्ष 2025 में चंडीगढ़ में आयोजित भारतीय ओपन रेस वॉकिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया।

नई दिल्ली में आयोजित 65वीं राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी उन्होंने पहला स्थान प्राप्त किया। अंतररेलवे प्रतियोगिताओं में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। वर्ष 2026 में कोलकाता में आयोजित 91वीं अखिल भारतीय अंतररेलवे एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने प्रथम स्थान हासिल किया।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कर चुकी हैं भारत का प्रतिनिधित्व

रमनदीप कौर वर्ष 2024 में तुर्किये के अंताल्या में आयोजित विश्व रेस वॉकिंग टीम चैंपियनशिप में भी हिस्सा ले चुकी हैं। उनकी यह उपलब्धि उत्तर मध्य रेलवे के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता से रेलवे में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ अन्य खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।