उत्तर पश्चिम रेलवे में 1 से 30 नवंबर तक चलेगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0

उत्तर पश्चिम रेलवे में 1 से 30 नवंबर तक चलेगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0

पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए लगेंगे शिविर, बैंक जाने में असमर्थ बुजुर्गों के घर पहुंचकर भी बनाई जाएगी व्यवस्था

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे में पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 1 से 30 नवंबर 2026 तक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0 चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर जयपुर स्थित उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में बैठक आयोजित की गई। इसमें रेलवे अधिकारियों और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक की अध्यक्षता वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखा अधिकारी विष्णु बजाज तथा मुख्य कार्मिक अधिकारी विनोद कुमार ने की। इस दौरान अभियान के सफल संचालन और रेलवे तथा बैंकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

रेलवे स्टेशनों और स्वास्थ्य इकाइयों में लगेंगे शिविर

अभियान के तहत उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय, सभी मंडलों, विभिन्न रेलवे स्टेशनों और रेलवे स्वास्थ्य इकाइयों सहित अन्य स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों की जानकारी समाचार पत्रों और उत्तर पश्चिम रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों ने अधिक से अधिक पेंशनभोगियों को समय पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बुजुर्ग पेंशनभोगियों को मिलेगी विशेष सुविधा

बैठक में उन पेंशनभोगियों की सुविधा पर भी ध्यान दिया गया, जो शारीरिक परेशानी या अन्य कारणों से बैंक शाखा तक नहीं पहुंच सकते। ऐसे पेंशनभोगियों के लिए घर पर जाकर सेवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि उन्हें जीवन प्रमाण पत्र बनवाने में परेशानी न हो।

साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील

मुख्य कार्मिक अधिकारी विनोद कुमार ने पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र के नाम पर होने वाली साइबर धोखाधड़ी से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ फोन पर अपनी व्यक्तिगत या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें।

पेंशनभोगियों को सलाह दी गई कि वे जीवन प्रमाण पत्र बनाने के लिए ?जीवन प्रमाण? और ?आधार फेस आरडी? ऐप केवल आधिकारिक गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें। डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र स्वयं, रेलवे द्वारा आयोजित शिविरों या संबंधित बैंक शाखा के माध्यम से बनवाएं।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य पेंशनभोगियों को सरल, सुलभ और सुरक्षित डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना अनावश्यक परेशानी के अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकें।