उत्तर पश्चिम रेलवे ने स्क्रैप बिक्री में बनाया रिकॉर्ड, अक्टूबर में ₹68.46 करोड़ का निस्तारण

उत्तर पश्चिम रेलवे ने स्क्रैप बिक्री में बनाया रिकॉर्ड, अक्टूबर में ₹68.46 करोड़ का निस्तारण

₹33 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले 207 प्रतिशत उपलब्धि, पिछले साल की तुलना में 92 प्रतिशत अधिक राजस्व

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने स्क्रैप निस्तारण के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल की है। अक्टूबर 2026 में रेलवे ने ₹33 करोड़ के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले ₹68.46 करोड़ मूल्य के स्क्रैप का निस्तारण किया। इस तरह रेलवे ने अपने मासिक लक्ष्य का लगभग 207 प्रतिशत हासिल करते हुए लक्ष्य से दोगुने से अधिक की सफलता दर्ज की है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में अक्टूबर तक उत्तर पश्चिम रेलवे ने कुल ₹221.50 करोड़ मूल्य के स्क्रैप की बिक्री की है। जबकि पिछले वित्तीय वर्ष में अक्टूबर 2025 तक यह आंकड़ा ₹115.47 करोड़ था। इस प्रकार चालू वित्तीय वर्ष में पिछले साल की समान अवधि की तुलना में लगभग 92 प्रतिशत अधिक स्क्रैप का निस्तारण किया गया है।

रेलवे द्वारा अक्टूबर माह में स्वच्छता अभियान के तहत विशेष अभियान चलाया गया। इसमें विभिन्न विभागों, डिपो और मंडलों में पड़ी अनुपयोगी एवं अतिरिक्त सामग्री की पहचान कर उसका चिह्नीकरण किया गया। इसके बाद नीलामी के लिए स्क्रैप के लॉट तैयार किए गए, जिससे समयबद्ध तरीके से सामग्री का निस्तारण संभव हो सका।

इस अभियान से रेलवे परिसरों में स्वच्छता और सुव्यवस्था को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ रेलवे को बेहतर राजस्व भी प्राप्त हुआ है। उत्तर पश्चिम रेलवे के इन प्रयासों से अनुपयोगी संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने और परिसरों के रखरखाव को मजबूत बनाने में मदद मिल रही है।